देश की खबरें | अभिषेक ने 23 लाख लोगों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए 'सेवाआश्रय' कार्यक्रम की घोषणा की

कोलकाता, एक दिसंबर डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में 23 लाख लोगों को स्वास्थ्य सेवा लाभ प्रदान करने के लिए तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने अगले साल दो जनवरी से 'सेवाआश्रय' कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है।

कार्यक्रम ढाई महीने तक जारी रहेगा।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि कार्यक्रम निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत अमतला में शुरू किया जाएगा और यह सात विधानसभा क्षेत्रों, 71 ग्रामीण ग्राम पंचायतों और 93 शहरी वार्डों के 23 लाख निवासियों के लिए होगा।

उन्होंने शनिवार को कहा, “इस पहल को 1,200 चिकित्सकों, 500 विशेषज्ञों, 1,500 स्वयंसेवकों और 12 रेफरल अस्पतालों का समर्थन प्राप्त है।”

बनर्जी ने कहा, “हमारे सामने आई सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि 23 लाख से अधिक लोगों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने में सक्षम होने के लिए चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता होनी चाहिए। हमने महसूस किया कि चिकित्सक अपनी कामकाजी व्यस्तता के कारण हर सप्ताह दो दिन से अधिक समय नहीं दे पाएंगे।”

उन्होंने शनिवार को कार्यक्रम में कहा, “शुरू में हमने सोचा था कि 300 चिकित्सकों की टीम पर्याप्त होगी। हालांकि, हमें जल्द ही एहसास हुआ कि निर्वाचन क्षेत्र के 2,000 बूथ पर 23 लाख लोगों को लगातार कई दिन तक सेवा देने के लिए हमें कम से कम 400 से 500 चिकित्सकों की आवश्यकता होगी। मुझे आगाह किया गया था कि इस पहल के लिए इतने सारे चिकित्सकों की उपलब्धता मुश्किल होगी। हालांकि, मुझे कल रात बताया गया कि 1,200 से अधिक चिकित्सकों ने अपना विवरण साझा किया है और हम उन सभी को आज एक साथ सभागार में बुलाने में सक्षम नहीं हैं।”

जोहेब संतोष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)