देश की खबरें | अब्दुल्ला ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर उपराज्यपाल के साथ टकराव की स्थिति पैदा कर रहे हैं : चुघ

चंडीगढ, चार अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू-कश्मीर के पार्टी प्रभारी तरुण चुघ ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ‘‘चुनावी वादों को पूरा करने में अपनी विफलता से जनता का ध्यान हटाने के लिए जानबूझकर उपराज्यपाल कार्यालय के साथ टकराव की स्थिति पैदा कर रहे हैं।’’

चुघ ने यह भी दावा किया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर सरकार के अधिकारियों को स्थानांतरित करने का प्रशासनिक अधिकार संवैधानिक रूप से प्राप्त है।

चुघ ने एक बयान में कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्रालय उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच मतभेदों को सुलझाएगा। हालांकि, अब्दुल्ला सरकार को युवाओं, महिलाओं और बेरोजगारों से किए गए वादों को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।’’

अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली जम्मू-कश्मीर सरकार और उपराज्यपाल कार्यालय के बीच कई प्रशासनिक मुद्दों पर मतभेद रहे हैं। सिन्हा द्वारा हाल ही में जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (जेकेएएस) के 48 मध्यम श्रेणी के अधिकारियों को स्थानांतरित/पदस्थापित करने के आदेश ने इस गतिरोध को और बढ़ा दिया है।

चुघ ने अब्दुल्ला पर ‘‘भ्रामक विमर्श का प्रसार करने का प्रयास करके उसी टकराव के रास्ते पर चलने का आरोप लगाया, जिसपर दिल्ली के अरविंद केजरीवाल (पहले) चले थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे कोई फायदा नहीं होगा। अब्दुल्ला को अपनी कार्य रिपोर्ट पेश करनी चाहिए, क्योंकि जम्मू-कश्मीर के लोग उनसे अपने वादे पूरे करने का इंतजार कर रहे हैं।’’

अब्दुल्ला ने स्थानांतरण आदेश पर असहमति जताते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उपराज्यपाल सिन्हा और जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर दावा किया कि बिना किसी ‘कानूनी प्राधिकार’ के जारी किए गए उक्त आदेश ने निर्वाचित सरकार के अधिकार को कमतर किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)