देश की खबरें | केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रायपुर में 'आप' का विरोध प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) की छत्तीसगढ़ इकाई ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
रायपुर, 22 मार्च आम आदमी पार्टी (आप) की छत्तीसगढ़ इकाई ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
पार्टी के लगभग 100 नेता और कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और राष्ट्रीय ध्वज लेकर शहर के आंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई की सचिव प्रियंका शुक्ला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा, ‘‘वे 'एक राष्ट्र, एक पार्टी' चाहते हैं। वह एक तानाशाह की तरह सरकार चलाना चाहते हैं जिसमें वे सब कुछ नियंत्रित कर सकें।’’
शुक्ला ने कहा, ''केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार दिल्ली के लोगों के जनादेश के साथ पूर्ण बहुमत के साथ तीन बार चुनी गई। उनकी गिरफ्तारी न केवल केजरीवाल पर हमला है बल्कि यह दिल्ली के लोगों, एक विचारधारा और लोकतंत्र पर हमला है।''
उन्होंने कहा, ''जो विपक्षी नेता उनके (भाजपा) खिलाफ आवाज उठाते हैं और उनके सामने सिर झुकाने से इनकार करते हैं, उन्हें जेल भेजा जा रहा है।''
शुक्ला ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंट दिया है और उसे सलाखों के पीछे डाल दिया है। आप नेता ने कहा, ‘‘यदि भाजपा विपक्ष के बिना चुनाव लड़ना चाहती है तो उन्हें हमें घर बैठने के लिए कहना चाहिए। वे सिर्फ अकेले चुनाव लड़ना और जीतना चाहते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)