देश की खबरें | कंझावाला घटना को लेकर आप ने किया उपराज्यपाल के आवास पर प्रदर्शन, भाजपा पर लगाया आरोप

नयी दिल्ली, दो जनवरी आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को आरोप लगाया कि एक युवती को कार से घसीटे जाने की घटना के आरोपियों में शामिल मनोज मित्तल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा है। आप ने घटना को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल के आवास पर धरना भी दिया।

आप के विधायक सौरभ भारद्वाज ने मीडिया के साथ एक वीडियो साझा किया और दावा किया कि सुल्तानपुरी थाने के बाहर लगे एक होर्डिंग पर मित्तल की तस्वीर है।

बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में रविवार को स्कूटी सवार 20 वर्षीय एक युवती को एक कार ने टक्कर मार दी और वह करीब 12 किलोमीटर तक कार के नीचे घिसटती चली गई। पुलिस ने कहा कि मारुति बलेनो में यात्रा कर रहे पांच लोगों को इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया है।

भारद्वाज ने आरोप लगाया कि युवती के शरीर पर कपड़े नहीं थे। उन्होंने कहा कि पुलिस इस बात की जांच करे कि कहीं उसके साथ बलात्कार तो नहीं किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है क्योंकि दोषियों में से एक भाजपा का सदस्य है। डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) यह कहकर मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं कि कार में संगीत बहुत तेज था, इसलिए अपराधियों को पता नहीं चला कि कार में लड़की फंस गई है।’’

भारद्वाज ने कहा, ‘‘यह कैसे हो सकता है कि युवती का जब शव बरामद हुआ तो उस पर कपड़े नहीं थे? इसकी जांच की जानी चाहिए।’’

राजनिवास के बाहर विरोध प्रदर्शन में शामिल आप विधायक आतिशी ने कहा कि इस घटना ने दिल्ली पुलिस और उपराज्यपाल की पोल खोल दी है।

उन्होंने आरोप लगाया, "घटना को लेकर उपराज्यपाल लापरवाही बरत रहे हैं। उनका एकमात्र ध्यान दिल्ली सरकार के काम में हस्तक्षेप करने पर है। दिल्ली में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। कानून व्यवस्था में सुधार करना उपराज्यपाल का काम है, लेकिन वह केवल राजनीति करते हैं। अगर वी के सक्सेना दिल्ली की महिलाओं को सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।"

विधायक आतिशी, सौरभ भारद्वाज और दुर्गेश पाठक सहित ‘आप’ के लगभग 200 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस स्थित राजनिवास के बाहर एकत्र होकर नारेबाजी की और घटना पर जवाब देने की मांग की।

उपराज्यपाल आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और क्षेत्र में अवरोधक तथा पानी की बौछार करने वाले वाहन तैनात किए गए हैं।

पाठक ने दावा किया, "उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस भाजपा नेता को बचाने की कोशिश कर रही है। इतनी जघन्य घटना के बाद भी दिल्ली पुलिस ने आरोपियों पर मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया है।"

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जहां इस घटना के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा की मांग की, वहीं सक्सेना ने कहा कि इस ‘‘अमानवीय’’ अपराध से उनका सिर शर्म से झुक गया है।

भाजपा की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख हरीश खुराना ने कहा कि पुलिस ने पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए, चाहे वे किसी भी पार्टी के हों।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)