एजेंसी न्यूज

आप का मतलब ‘अल्कोहल अफेक्टेड पार्टी’, दिल्ली को बर्बाद कर दिया: कांग्रेस

कांग्रेस ने पूर्ववर्ती अरविंद केजरीवाल सरकार की शराब नीति में कथित भ्रष्टाचार को लेकर बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ‘आप’ का मतलब ‘अल्कोहल अफेक्टेड पार्टी’ (आप) है तथा ‘‘शराब से पैसा बनाने की उसकी लत’’ ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया.

आप का मतलब ‘अल्कोहल अफेक्टेड पार्टी’, दिल्ली को बर्बाद कर दिया: कांग्रेस
(Photo Credits ANI)

नयी दिल्ली, 23 जनवरी : कांग्रेस ने पूर्ववर्ती अरविंद केजरीवाल सरकार की शराब नीति में कथित भ्रष्टाचार को लेकर बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ‘आप’ का मतलब ‘अल्कोहल अफेक्टेड पार्टी’ (आप) है तथा ‘‘शराब से पैसा बनाने की उसकी लत’’ ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया. कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक ऑडियो भी जारी किया जो कथित तौर पर आप विधायक शरद चौहान का है. ऑडियो में दावा किया गया कि उपमुख्यमंत्री रहते आप नेता मनीष सिसोदिया ने शराब नीति को मंजूरी देने के साथ यह कहा था कि उनकी पार्टी को चुनाव लड़ने के लिए इससे पैसा आएगा.

कांग्रेस नेता द्वारा जारी इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. आप की तरफ से फिलहाल इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. खेड़ा ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में संवाददाताओं से कहा , ‘‘ शराब स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और शराब की लत इंसान, उसके परिवार और समाज को बर्बाद कर देती है, यह हम सब जानते हैं. लेकिन शराब से पैसा बनाने की लत से न सिर्फ इंसान और समाज बल्कि पूरा शहर खराब हो जाता है.’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अल्कोहल अफेक्टेड पार्टी यानी आप ने शराब के जरिए पैसा बनाने की लत में पूरी दिल्ली को बर्बाद करके रख दिया.’’ यह भी पढ़ें : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत ओडिशा से सात लाभार्थी गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे

खेड़ा ने ऑडियो का हवाला देते हुए दावा किया, ‘‘आप के एक विधायक बता रहे हैं कि कैसे उनकी ही पार्टी के शिक्षा मंत्री और शराब मंत्री ने घोटाला किया. अरविंद केजरीवाल कहते थे कि उनके पास हर मर्ज की दवा है. हमें दवा तो नहीं दिखी, लेकिन दारू की दलाली जरूर दिखी, जिसमें उनकी पूरी सरकार डूबी रही.’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह आवाज नरेला के विधायक शरद चौहान की है. यह किसी से बात करते हुए बता रहे हैं कि जब ये और मनीष सिसोदिया साथ बैठे थे, जब विजय नायर (आप के पूर्व संचार प्रमुख) शराब नीति लेकर आया. तब इन्होंने मनीष सिसोदिया को ऐसा करने से मना किया था. सिसोदिया ने जवाब दिया कि अगर ऐसा नहीं किया तो चुनाव लड़ने के लिए पैसे कहां से आएंगे?’’ खेड़ा के अनुसार, इस ऑडियो में शरद चौहान ने आगे कहा कि ‘‘हमने गुजरात और गोवा का चुनाव लड़ा तो पैसे शराब के ठेकों से ही आए, अब पंजाब से आ रहे हैं.’’ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दावा किया कि इस ऑडियो से स्पष्ट है कि कैसे शराब घोटाले को आप के शीर्ष नेतृत्व ने अंजाम दिया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 23, 2025 03:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).