देश की खबरें | भाजपा के कार्यक्रम में ‘तेज संगीत’ को लेकर आप नेताओं की दिल्ली पुलिस से हाथापाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चिराग दिल्ली में एक छठ घाट पर तेज आवाज में ‘डीजे’ बजाने को लेकर हुई तीखी नोकझोंक के बाद पुलिस और आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं के बीच हाथापाई हो गई। आप नेता इलाके में एक पुलिया के निर्माण पर बैठक कर रहे थे।
नयी दिल्ली, पांच नवंबर चिराग दिल्ली में एक छठ घाट पर तेज आवाज में ‘डीजे’ बजाने को लेकर हुई तीखी नोकझोंक के बाद पुलिस और आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं के बीच हाथापाई हो गई। आप नेता इलाके में एक पुलिया के निर्माण पर बैठक कर रहे थे।
यह घटना राष्ट्रीय राजधानी में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आप के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच हुई है।
आप का आरोप है कि उनकी बैठक को बाधित करने के लिये भाजपा समर्थक तेज आवाज में संगीत बजा रहे थे।
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की जमीन पर पुलिया के निर्माण को लेकर चिराग दिल्ली गांव के निवासियों द्वारा एक पंचायत का आयोजन किया गया था, जिसमें दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भाग लिया था। यह जानकारी दिल्ली के मंत्री के कार्यालय की तरफ से दी गयी।
भाजपा समर्थकों ने हालांकि निकटवर्ती छठ घाट पर तेज आवाज में डीजे बजाया। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि यह पंचायत की कार्यवाही को बाधित करने का प्रयास था।
बयान में कहा गया है कि जब आप नेता स्थानीय लोगों के साथ संगीत बंद कराने के लिए घाट पर पहुंचे तो वहां तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए।
यह घटना चिराग दिल्ली में डीडीए की जमीन पर छठ मनाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई है, जहां भारद्वाज और नयी दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज के बीच सार्वजनिक रूप से वाकयुद्ध हुआ था।
भारद्वाज ने दावा किया कि कई महीनों से भाजपा और डीडीए दोनों पुलिया परियोजना की प्रगति में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर दिल्ली सरकार की विकास पहलों को रोकने का लक्ष्य रखने का आरोप लगाया।
राष्ट्रीय राजधानी में छठ पूजा का महत्व इसलिए बढ़ गया है क्योंकि यह दिल्ली के पूर्वांचली समुदाय का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के भोजपुरी भाषी निवासी शामिल हैं। यह समुदाय दिल्ली में मतदाताओं के 30-40 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करता है, जहां अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2024 05:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

