नयी दिल्ली, 31 अगस्त आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना पर आरोप लगाया कि वह सरकार की उपलब्धियों का श्रेय ले रहे हैं और दिल्ली के लोगों की सुरक्षा की उपेक्षा कर रहे हैं।
‘आप’ ने भजनपुरा में ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के एक वरिष्ठ प्रबंधक की हत्या की पृष्ठभूमि में यह टिप्पणी की है।
‘आप’ द्वारा लगाए गए आरोपों पर उपराज्यपाल कार्यालय या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
‘आप’ की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि उपराज्यपाल ने अपने ‘‘राजनीतिक आकाओं के आदेश पर दिल्लीवासियों की बार-बार उपेक्षा की है।’’
कक्कड़ ने कहा, ‘‘जी20 शिखर सम्मेलन और प्रतिनिधियों की यात्राओं के मद्देनजर उन्होंने दिल्ली को एक उच्च-सुरक्षा क्षेत्र में बदल दिया है। यह अच्छी बात है, लेकिन मैं पूछना चाहती हूं कि आप सामान्य निवासियों के लिए ऐसा क्यों नहीं कर सकते? क्योंकि आपके पास राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं है।’’
पुलिस ने बताया कि हरप्रीत गिल और उनके 32 वर्षीय मामा गोविंद सिंह को मंगलवार रात लगभग 11.30 बजे सुभाष विहार इलाके में उस समय गोली मारी गई थी जब वे मोटरसाइकिल से कही जा रहे थे और अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने गिल को मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस के अनुसार हत्या के सिलसिले में बृहस्पतिवार को 18 वर्षीय बिलाल गनी को सिग्नेचर ब्रिज के निकट से पकड़ा गया था। वह भजनपुरा के सुभाष मोहल्ले का ही रहने वाला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY