एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | विमान दुर्घटना पर एएआईबी की प्रारंभिक रिपोर्ट पर जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालना अपरिपक्वता: नायडू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राम मोहन नायडू ने शनिवार को कहा कि अहमदाबाद में हाल में हुई एअर इंडिया विमान दुर्घटना को लेकर अभी निष्कर्ष पर पहुंचना अपरिपक्वता होगी, क्योंकि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने अभी केवल प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की है।

देश की खबरें | विमान दुर्घटना पर एएआईबी की प्रारंभिक रिपोर्ट पर जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालना अपरिपक्वता: नायडू

विशाखापत्तनम, 12 जुलाई केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राम मोहन नायडू ने शनिवार को कहा कि अहमदाबाद में हाल में हुई एअर इंडिया विमान दुर्घटना को लेकर अभी निष्कर्ष पर पहुंचना अपरिपक्वता होगी, क्योंकि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने अभी केवल प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की है।

गत 12 जून को बोइंग 787 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने 260 लोगों की मौत हो गई थी। विमान में सवार 242 व्यक्तियों में से केवल एक ही जीवित बचा था।

नायडू ने कहा, ‘‘इसलिए, इस समय किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए। हमें अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। ये तकनीकी बातें हैं और इसलिए हमारे पास ये जांच एजेंसियां हैं। एक बार जब उन्हें चीजें स्पष्ट हो जाएंगी... तो वे अंतिम रिपोर्ट सौंपेंगी। इस समय मेरे लिए इस पर टिप्पणी करना बहुत अपरिपक्व होगा।’’

नागरिक उड्डयन मंत्री ने यहां एक आधिकारिक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बात करते हुए एएआईबी, भारतीय पायलटों और विमान कर्मी दलों की प्रशंसा की और उन्हें दुनिया में 'सर्वश्रेष्ठ' बताया।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत की सबसे भीषण हवाई दुर्घटनाओं में से एक में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ 'न्याय' होना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘न्याय होना ही चाहिए। मुझे पता है कि यह परिवार के सदस्यों के लिए बहुत कठिन समय है, लेकिन हमारी ओर से, मंत्रालय की ओर से हम जो भी सर्वश्रेष्ठ कर सकते हैं, हम उसकी पूरी कोशिश कर रहे हैं।’’

एएआईबी को अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने में सहायता का वादा करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘हमें कुछ 'ठोस' चीज सामने आने का इंतजार करना होगा। यह अभी एक प्रारंभिक रिपोर्ट है और मंत्रालय की ओर से हम रिपोर्ट का विश्लेषण कर रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही हम इस पर टिप्पणी करें तो बेहतर होगा।’’

नायडू ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि जल्द से जल्द अंतिम रिपोर्ट आ जाएगी, तभी हम किसी निष्कर्ष पर पहुंच सकेंगे।’’

उन्होंने कहा कि अंतिम रिपोर्ट तैयार करने से पहले कई अन्य बातों पर भी गौर करने की जरूरत है।

मंत्री ने कहा कि ब्लैक बॉक्स के ‘डेटा’ को ‘डिकोड’ करने का काम पहली बार भारत में दिल्ली स्थित एएआईबी लैब में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, "इसलिए, मैं इस जांच को बेहद पारदर्शी, बेहद परिपक्व और पेशेवर तरीके से करने के लिए उनके द्वारा किए गए सभी प्रयासों की सराहना करना चाहूंगा।"

नायडू ने यह भी बताया कि एएआईबी ने रिपोर्ट तैयार करते समय सभी अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल का पालन किया है।

इसके अलावा, उन्होंने भारतीय पायलटों और विमान चालक दलों की प्रशंसा करते हुए उन्हें 'सबसे अद्भुत कार्यबल' बताया।

उन्होंने कहा, "मैं इस देश के पायलटों और विमान कर्मियों द्वारा विमानन क्षेत्र में किए जा रहे सभी प्रयासों की सराहना करता हूं।’’ उन्होंने कहा कि वे नागरिक उड्डयन की रीढ़ और प्राथमिक संसाधन हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 07:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).