एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त विमान के ब्लैक बॉक्स की एएआईबी कर रहा है जांच : नायडू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि गत 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान का ब्लैक बॉक्स भारत में ही है और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) इसकी जांच कर रहा है।

देश की खबरें | अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त विमान के ब्लैक बॉक्स की एएआईबी कर रहा है जांच : नायडू

पुणे, 24 जून नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि गत 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान का ब्लैक बॉक्स भारत में ही है और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) इसकी जांच कर रहा है।

नायडू ने ब्लैक बॉक्स को विदेश भेजे जाने संबंधी अटकलों को खारिज कर दिया।

गत 12 जून को लंदन के लिए रवाना होने वाला एअर इंडिया का विमान दोपहर में सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अहमदाबाद के एक छात्रावास परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

दुर्घटना में विमान में सवार 241 लोगों समेत 270 लोगों की मौत हो गई थी।

एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का ब्लैक बॉक्स 13 जून को घटनास्थल से बरामद किया गया था।

ब्लैक बॉक्स एक छोटा उपकरण होता है जो उड़ान के दौरान विमान के बारे में जानकारी रिकॉर्ड करता है। यह विमान दुर्घटनाओं की जांच में मदद करता है।

हादसे की जांच के लिए ब्लैक बॉक्स को विदेश भेजे जाने संबंधी कुछ खबरों के बारे में पूछे जाने पर नायडू ने कहा, ‘‘ये सब अटकलें हैं। ब्लैक बॉक्स भारत में ही है और वर्तमान में विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) इसकी जांच कर रहा है।’’

ब्लैक बॉक्स का डेटा कब तक प्राप्त होने की उम्मीद है, इस सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह बहुत ही तकनीकी मामला है।

नायडू यहां ‘हेलीकॉप्टर एंड स्मॉल एयरक्राफ्ट समिट 2025’ से इतर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। सम्मेलन का आयोजन फिक्की और नागर विमानन मंत्रालय ने संयुक्त रूप से किया है।

सरकार ने विमान हादसे के बाद कहा था कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है और जांच सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है।

नायडू ने पहले कहा था, ‘‘ब्लैक बॉक्स को डिकोड करने से विमान दुर्घटना से कुछ क्षण पहले क्या हुआ था, इसकी गहन जानकारी मिल सकेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2025 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).