देश की खबरें | ओडिशा के जाजपुर में दिल्ली से आयी दो छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोप में एक युवक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा पुलिस ने दिल्ली से हाल में राज्य में आयीं दो छात्राओं से दुर्व्यवहार करने के आरोप में जाजपुर जिले में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को मंगलवार को गिरफ्तार किया।
जाजपुर (ओडिशा), 24 जून ओडिशा पुलिस ने दिल्ली से हाल में राज्य में आयीं दो छात्राओं से दुर्व्यवहार करने के आरोप में जाजपुर जिले में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को मंगलवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वह छात्राओं से दुर्व्यवहार करने वाले दो आरोपियों में से एक है।
जाजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) यश प्रताप श्रीमल ने कहा कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
दसरथपुर पुलिस थाने में छात्राओं द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने छात्राओं पर भद्दी टिप्पणियां की और उन्हें गलत तरीके से छुआ।
आरोपियों ने दोनों महिलाओं में से एक के भाइयों से भी कथित तौर पर मारपीट की। इनमें से एक महिला स्थानीय निवासी है और दिल्ली में पढ़ाई करती है।
दिल्ली की महिला ने सोमवार को यहां पत्रकारों को बताया, ‘‘उन्होंने (आरोपियों) स्थानीय महिला के भाइयों के विरोध जताने पर उनसे भी मारपीट की। शायद बदमाशों ने शराब पी रखी थी।’’
दिल्ली की 25 वर्षीय छात्रा यहां गांव में अपनी एक सहपाठी के घर आयी थी।
यह घटना जिले में एक गांव में रविवार देर शाम को हुई जब दोनों महिलाएं एक मंदिर में दर्शन करने के बाद घर जा रही थीं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिलाओं ने आरोप लगाया कि दो स्थानीय युवकों ने भद्दी टिप्पणियां कीं, उनसे दुर्व्यवहार किया, उन्हें गलत तरीके से छुआ और उनकी टी-शर्ट खींची।
एसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक मामला दर्ज किया और जाजपुर के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) प्रशांत कुमार माझी के नेतृत्व में मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2025 03:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

