एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | नवी मुंबई में लोकल ट्रेन में सवार महिला ने नवजात शिशु को छोड़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नवी मुंबई में कुछ दिन पहले तीन दिन की बच्ची लावारिस हालत में मिलने की घटना के बाद फिर से ऐसी एक घटना सामने आयी है जिसमें लोकल ट्रेन में यात्रा कर रही महिला अपने 15 माह के बच्चे को दो अन्य यात्रियों के पास छोड़कर चली गयी।

देश की खबरें | नवी मुंबई में लोकल ट्रेन में सवार महिला ने नवजात शिशु को छोड़ा

मुंबई, दो जुलाई नवी मुंबई में कुछ दिन पहले तीन दिन की बच्ची लावारिस हालत में मिलने की घटना के बाद फिर से ऐसी एक घटना सामने आयी है जिसमें लोकल ट्रेन में यात्रा कर रही महिला अपने 15 माह के बच्चे को दो अन्य यात्रियों के पास छोड़कर चली गयी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि यह घटना सोमवार दोपहर को हुई। महिला का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

महिला लोकल ट्रेन में दरवाजे के पास बैठी हुई थी। उसने ट्रेन से उतरने में दो अन्य महिला यात्रियों से मदद मांगी, क्योंकि उसने एक हाथ में नवजात शिशु था और दूसरे हाथ में बैग था।

अधिकारी ने बताया कि जुईनगर रेलवे स्टेशन पर उतरने वाली महिला यात्रियों ने महिला के साथ आगे आने वाले सीवुड्स स्टेशन तक यात्रा जारी रखकर उसकी मदद करने का फैसला किया।

सीवुड्स स्टेशन पर दोनों महिला यात्री पहले उतरीं और महिला ने बच्चे को उन्हें सौंप दिया।

अधिकारी ने बताया कि महिला ट्रेन से उतरने के बजाय दरवाजे पर खड़ी रही और ऐसा दिखाने लगी जैसे वह अपना सामान इकट्ठा कर रही हो। इस बीच ट्रेन चल पड़ी।

उन्होंने बताया कि जिन दो महिलाओं ने बच्चे को पकड़ा हुआ था, उन्होंने शुरू में सोचा कि महिला गलती से ट्रेन से उतर नहीं पायी और अगले स्टेशन पर किसी और ट्रेन से वहां पहुंचेगी लेकिन वह नहीं आयी।

इसके बाद दोनों यात्री बच्चे के साथ पुलिस के पास पहुंचीं और घटना के बारे में बताया। उन्हें वाशी रेलवे पुलिस के पास ले जाया गया और महिला की तलाश शुरू की गयी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 93 (12 वर्ष से कम उम्र के बच्चे को त्यागना) के तहत मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि विभिन्न स्टेशन पर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को पता चला कि महिला सीवुड्स स्टेशन से पांच स्टेशन आगे खांदेश्वर रेलवे स्टेशन पर उतर गयी। उसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पिछले सप्ताह भी नवी मुंबई में पनवेल टाउन पुलिस को टक्का कॉलोनी में सड़क पर एक टोकरी में तीन दिन की बच्ची लावारिस हालत में मिली थी। बच्ची के साथ एक नोट भी मिला था, जिसमें उसके माता-पिता ने आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते उसे पालने में असमर्थ होने की बात लिखी है।

एक अधिकारी ने पहले बताया था कि नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने 24 घंटे के अंदर ही बच्ची के पिता को गिरफ्तार कर लिया था। वह ठाणे में भिवंडी का रहने वाला है।

उन्होंने बताया कि जांच से पता चला कि बच्ची को एक अविवाहित महिला ने जन्म दिया था और उसके माता-पिता ने उसे पनवेल में एक अनाथालय में छोड़ने का फैसला किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 02:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).