देश की खबरें | दिशा रवि की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच छिड़ा वाकयुद्ध

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. किसान आंदोलन से जुड़ी ‘टूलकिट’ सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को भाजपा और विपक्षी दलों के बीच वाकयुद्ध शुरू हो गया।

नयी दिल्ली, 15 फरवरी किसान आंदोलन से जुड़ी ‘टूलकिट’ सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को भाजपा और विपक्षी दलों के बीच वाकयुद्ध शुरू हो गया।

विपक्ष ने 21 वर्षीय दिशा की गिरफ्तारी को ‘लोकतंत्र पर हमला’ करार देते हुए कहा कि भारत की आवाज को दबाया नहीं जा सकता तो भाजपा ने पुलिस की कार्रवाई की बचाव किया और कहा कि अपराध तो अपराध है, जिसका उम्र से कोई लेनादेना नहीं है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिशा की गिरफ्तारी से जुड़ी खबर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘बोल कि लब आज़ाद हैं तेरे, बोल कि सच ज़िंदा है अब तक! वो डरे हैं, देश नहीं!’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत खाामोश नहीं होने वाला है।’’

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी इसी मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘‘डरते हैं बंदूकों वाले एक निहत्थी लड़की से, फैले हैं हिम्मत के उजाले एक निहत्थी लड़की से।’’

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘‘21 साल की दिशा रवि की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर अप्रत्याशित हमला है। हमारे किसानों का समर्थन करना अपराध नहीं है।’’

राष्ट्रीय जनता दल के नेता मनोज झा ने कहा, ‘‘मुझे लोकतंत्र को लेकर चिंता हो रही है क्योंकि यह बहुत ही मुश्किल दौर से गुजर रहा है।’’

भाजपा नेता और गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट किया, ‘‘अगर आयु आधार है तो फिर परमवीर चक्र से नवाजे गए सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल 21 साल की उम्र में शहीद हुए। मैं किस पर गर्व करूं। टूलकिट के रूप में दुष्प्रचार फैलाने वालों पर तो गर्व नहीं करूंगा।’’

भाजपा के संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने ट्वीट किया, ‘‘21 वर्षीय...पर्यावरण कार्यकर्ता...छात्रा...क्या भारत को तोड़ने वाली ताकतों का हिस्सा बनने के लिए ये खूबियां हैं? वह टूलकिट तक कैसे पहुंची? वह व्हाट्एसएप पर भारत विरोधी ग्रुप में शामिल क्यों हुई? कई सवाल हैं लेकिन सिर्फ एक जवाब है...21 साल।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पी चिदंबरम और जयराम रमेश ने भी दिशा की गिरफ्तारी की निंदा की।

पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम ने कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ यदि माउंट कार्मेल कॉलेज की छात्रा और जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि देश के लिए खतरा बन गई है, तो भारत की शासन व्यवस्था बहुत ही कमजोर बुनियाद पर खड़ी है। चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की तुलना में किसानों के विरोध का समर्थन करने के लिए लाया गया एक टूक किट अधिक खतरनाक है!’’

रमेश ने आरोप लगाया, ‘‘यह न्यू इंडिया की तानाशाही है, जिसे ‘अमित शाही’ कहा जाता है।’’

विपक्ष के आरोपों पर भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ‘‘एक अपराधी तो अपराधी है। अगर वो नाबालिग नहीं है तो फिर लिंग और आयु का कोई मतलब नहीं रह जाता। आपकी जानकारी के लिए बता देता हूं कि मुंबई पर हमले के वक्त अजमल कसाब 21 साल का था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘किसानों का समर्थन करना अपराध नहीं है, लेकिन भारत के खिलाफ साजिश करना और दूसरों को भड़काना निश्चित तौर पर अपराध है।’’

उल्लेखनीय है कि किसानों के प्रदर्शन से जुड़ी ‘टूलकिट’ सोशल मीडिया पर साझा करने में संलिप्तता के आरोप में दिशा रवि को बेंगलुरू से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि दिशा रवि (22) को दिल्ली पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ के दल ने शनिवार को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने आरोप लगाया कि भारत के खिलाफ वैमनस्य फैलाने के लिए रवि और अन्य ने खालिस्तान-समर्थक समूह ‘पोएटिक जस्टिस फाउंडेशन’ के साथ साठगांठ की।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

RR vs RCB, IPL 2026 16th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया, जड़ा जीत का चौका; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

CSK vs DC, IPL 2026 18th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

RR vs RCB, IPL 2026 16th Match Scorecard: बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राजस्थान रॉयल्स के सामने रखा 202 रनों का टारगेट, कप्तान रजत पाटीदार ने खेली धमाकेदार पारी. यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

CSK vs DC, IPL 2026 18th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 18वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर जीत का स्वाद चखना चाहेगी चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू