देश की खबरें | बांदा में एक वाहन खड़े ट्रक से टकराया, सात लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में तेज गति से जा रहे वाहन के खड़े ट्रक से टकराने के कारण सात लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को दी।
बांदा (उप्र), 30 जून उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में तेज गति से जा रहे वाहन के खड़े ट्रक से टकराने के कारण सात लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को दी।
बबेरू क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राकेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि परइयादायी मंदिर के नजदीक बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे तेज रफ्तार से जा रहा एक वाहन (बोलेरो जीप) सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।
उन्होंने बताया कि हादसे में जीप सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी और दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल एक व्यक्ति का इलाज मेडिकल कॉलेज बांदा में चल रहा है।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान शकील (25), मुशाहिद (24), मोहम्मद कैफ (18), शायराबानो (37), कल्लू (13), जाहिल (25) के रूप में हुई है।
हादसे में मृत सातवें व्यक्ति की पहचान राज खेंगर (28) के रूप में हुई है। जाहिद गंभीर रूप से घायल है, उसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
सीओ ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम शायराबानो का बेटा कल्लू (13) करंट लगने से झुलस गया था। उसको परिजन इलाज के लिए जीप से बबेरू अस्पताल ले जा रहे थे, तभी सड़क के किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार जीप ने पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि सभी लोग तिलौसा गांव के रहने वाले हैं।
सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग गया। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच आरंभ कर दी गयी है और ट्रक व उसके चालक की तलाश की जा रही है।
सीओ के अनुसार, प्रथमदृष्टया सड़क हादसे में बोलेरो जीप के चालक की गलती सामने आई है, क्योंकि वह बहुत तेज गति से वाहन चला रहा था।
सिंह ने बताया कि जहां कल (बृहस्पतिवार) रात सड़क हादसा हुआ, वह 'नो एंट्री' इलाका है और वहां भारी वाहन रुके हुए थे।
उन्होंने कहा कि बोलेरो जीप चालक करीब 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से करंट से झुलसे कल्लू (13) को उनके परिजनों के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू लेकर जा रहा था, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक में बोलेरो जीप ने पीछे से टक्कर मार दिया।
उन्होंने संभावना जतायी कि हो सकता है कि जीप चालक को झपकी आ गयी हो और वह जीप नियंत्रित नहीं कर सका हो। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 30, 2023 03:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

