देश की खबरें | गुलदार के हमले में एक किशोर की मौत, वन विभाग ने उसे पिंजरे में किया कैद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड में टिहरी जिले के देवप्रयाग में एक तेंदुए के हमले में 17 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गयी।
नई टिहरी (उत्तराखंड), 19 जुलाई उत्तराखंड में टिहरी जिले के देवप्रयाग में एक तेंदुए के हमले में 17 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गयी।
कीर्तिनगर की उपजिलाधिकारी सोनिया पंत ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात हुई जब देवप्रयाग तहसील में स्टाम्प विक्रेता बलवंत सिंह चौहान का पुत्र अनुराग देवप्रयाग डिग्री कॉलेज में क्रिकेट खेलने के बाद घर लौट रहा था और रास्ते में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर भी तेंदुए ने उसे नहीं छोड़ा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम के साथ स्थानीय लोग कई घंटों तक उसे ढूंढ़ते रहे। हांलांकि, रात में किशोर का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
अनुराग 12 वीं कक्षा का छात्र था और उसकी मां शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।
सूचना मिलने पर देवप्रयाग के भाजपा विधायक विनोद कंडारी भी शुक्रवार तड़के चार बजे घटनास्थल पर पहुंचे और वन विभाग को तेंदुए को तत्काल पकड़ने के निर्देश दिए । उन्होंने बताया कि सुबह करीब छह बजे वन विभाग की टीम को तेंदुए को पिंजरे में कैद करने में सफलता मिल गयी।
उधर, टिहरी के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने घटना की गंभीरता को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर देवप्रयाग ब्लॉक के सभी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया था।
इस घटना से आक्रोशित लोगों ने पिंजरे में कैद तेंदुए को मौके पर गोली मारे जाने की मांग करते हुए खूब हंगामा किया। एक व्यक्ति तो तेंदुए को ले जा रहे वाहन के सामने लेट गया। वन विभाग के अधिकारियों ने पकड़े गए तेंदुए को तहसील स्थित वन विभाग कार्यालय तक ही ले जाने की बात कही जिस पर प्रदर्शन कर रहे लोग सहमत गए। लेकिन जब लोग तहसील पहुंचे तो उन्हें पता चला कि तेंदुए को हिंडोलाखाल से होते हुए देहरादून ले जाया जा रहा है।
इस पर आक्रोशित जनप्रतिनिधि रेंजर कार्यालय के कर्मचारियों को बाहर कर वहां धरने पर बैठ गए। इस मौके पर प्रभागीय वन अधिकारी जीवन डगाडे ने कहा कि तेंदुए को पकड़ कर अन्यत्र ले जाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मृतक किशोर के परिजनों को विभागीय मानकों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से शाम के वक्त बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2024 04:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

