देश की खबरें | अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का छोटा जत्था रवाना हुआ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण कश्मीर में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच, 2,837 तीर्थयात्रियों का एक छोटा जत्था बुधवार को जम्मू से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जम्मू, 23 जुलाई दक्षिण कश्मीर में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच, 2,837 तीर्थयात्रियों का एक छोटा जत्था बुधवार को जम्मू से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
तीन जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से आज का तीर्थयात्रियों का जत्था अमरनाथ जाने वाला अब तक का सबसे छोटा जत्था है।
अब तक तीन लाख से अधिक तीर्थयात्री 3,880 मीटर ऊंचे इस मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। 38 दिनों की यह तीर्थयात्रा तीन जुलाई को घाटी से शुरू हुई थी।
अधिकारियों ने बताया कि 2,286 पुरुषों और आठ बच्चों सहित 2,837 तीर्थयात्रियों का 21वां जत्था 128 वाहनों में यहां भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर स्थित दोनों आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा दो जुलाई को पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाने के बाद से अब तक कुल 1,30,378 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं।
पिछले कुछ दिनों में यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में कमी देखी गई है।
अमरनाथ यात्रा के लिए 18 जुलाई को 16वें जत्थे में 7,908 तीर्थयात्री रवाना हुए। उसके बाद 19 जुलाई को 17वें जत्थे में 6,365 तीर्थयात्री जम्मू से रवाना हुए। इसके बाद, 20 जुलाई को 18वें जत्थे में 4,388 तीर्थयात्री, 21 जुलाई को 19वें जत्थे में 3,791 तीर्थयात्री और 22 जुलाई को 3,536 तीर्थयात्रियों का 20वां जत्था रवाना हुआ।
पिछले साल 5.10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने इस गुफा मंदिर में दर्शन किए थे जहां बर्फ का शिवलिंग प्राकृतिक रूप से निर्मित होता है।
38 दिनों की यह तीर्थयात्रा नौ अगस्त को संपन्न होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2025 03:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

