एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | किसान से एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में स्वापक अधिकारी और बिचौलिया गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के एक अधिकारी को एक किसान से एक करोड़ रुपये की रिश्वत कथित तौर पर मांगने के लिए गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | किसान से एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में स्वापक अधिकारी और बिचौलिया गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 18 जुलाई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के एक अधिकारी को एक किसान से एक करोड़ रुपये की रिश्वत कथित तौर पर मांगने के लिए गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सीबीआई ने मध्यप्रदेश के नीमच में तैनात अधिकारी महेंद्र सिंह को उसके साथी जगदीश मेनारिया के साथ कुल रिश्वत में से तीन लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया।

जांच एजेंसी ने बताया कि अधिकारी ने एक किसान के खेत से 400 किलोग्राम अफीम की भूसी कथित तौर पर जब्त की थी।

सीबीआई के मुताबिक, मेनारिया ने बाद में किसान से संपर्क कर उसे जब्ती की जानकारी दी।

सीबीआई द्वारा दर्ज की गयी प्राथमिकी में आरोप लगाया गया, “सिंह ने जगदीश मेनारिया के माध्यम से किसान और उसके परिवार के सदस्यों को मादक पदार्थों के मामले में न फंसाने के एवज में एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी और धमकी दी कि अगर उसने रिश्वत के रुपये नहीं दिये तो वह उन्हें आपराधिक मामले में फंसाकर जेल भिजवा देगा।”

दबाव का सामना कर रहे किसान ने सीबीआई का सहारा लिया और उसने शिकायत दर्ज कराई जिसमें आरोप लगाया कि वह मार्च से अब तक किश्तों में लगभग 44 लाख रुपये दे चुका है।

किसान ने आरोप लगाया कि मेनारिया ने फिर से उससे संपर्क किया और सिंह की ओर से उसे किसी अन्य मामले में फंसाने की धमकी देते हुए नौ लाख रुपये और मांगे।

एजेंसी ने गोपनीय सत्यापन प्रक्रिया के बाद रिश्वतखोरी के आरोपों को प्रमाणित करने वाले सबूत पाए।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने एक जाल बिछाया और कथित तौर पर रिश्वत के लेन-देन के समय छापेमारी कर सिंह और मेनारिया को गिरफ्तार कर लिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2025 04:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).