देश की खबरें | तृणमूल विधायकों पर टिप्पणी को लेकर शुभेंदु के खिलाफ बंगाल विधानसभा में प्रस्ताव पारित

कोलकाता, 13 मार्च तृणमूल कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों पर विवादास्पद टिप्पणी को लेकर पश्चिम बंगाल विधानसभा ने बृहस्पतिवार को नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ सत्तारूढ़ दल द्वारा लाया गया प्रस्ताव पारित कर दिया।

सदन ने ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित कर दिया।

भाजपा के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति देने से विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी के इनकार के बाद भाजपा सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। इसके बाद तृणमूल के मुख्य सचेतक निर्मल घोष ने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया।

घोष ने सदन में प्रस्ताव पेश करते हुए दावा किया कि अधिकारी ने देश के धार्मिक और सामाजिक ढांचे पर हमला किया है।

अधिकारी ने मंगलवार को टिप्पणी की थी कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो तृणमूल कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों को विधानसभा से ‘‘बाहर निकाल दिया जाएगा’’

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को शुभेंदु पर मुस्लिम विधायकों के संबंध में उनकी टिप्पणी को लेकर निशाना साधा था और भाजपा पर राज्य में “फर्जी हिंदुत्व” लाने तथा लोकतंत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री ने अल्पसंख्यकों के साथ भाजपा के व्यवहार को लेकर भी चिंता जताई थी।

घोष ने अधिकारी की टिप्पणी की निंदा करते हुए प्रस्ताव पेश किया और ‘‘सभी नागरिकों और संविधान में निहित उनके मौलिक अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प लिया, चाहे उनकी जाति, पंथ, धर्म, लिंग और सामाजिक स्थिति कुछ भी हो।’’

प्रस्ताव में यह भी दावा किया गया कि नेता प्रतिपक्ष ने अपनी टिप्पणियों से अल्पसंख्यक समुदाय में भय का माहौल पैदा किया है।

खारी अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)