देश की खबरें | अपहरण मामले में गिरफ्तार व्यक्ति ने हिरासत से भागने का किया प्रयास, गोली लगने से घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लुधियाना से सात वर्षीय बच्चे के अपहरण के सिलसिले में गिरफ्तार व्यक्ति ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया और इस दौरान गोली लगने से घायल हो गया। यह जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।

चंडीगढ़, 14 मार्च लुधियाना से सात वर्षीय बच्चे के अपहरण के सिलसिले में गिरफ्तार व्यक्ति ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया और इस दौरान गोली लगने से घायल हो गया। यह जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।

पुलिस के अनुसार भवकीरत सिंह को लुधियाना स्थित उसके घर के बाहर से एक करोड़ रुपये की फिरौती के लिए अगवा कर लिया गया था। हालांकि अपहरण के 24 घंटे के भीतर ही उसे छुड़ा लिया गया। पुलिस के अनुसार बुधवार को मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया था कि पटियाला जिले में हुई गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए तथा दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मलेरकोटला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गगन अजीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक हरप्रीत सिंह, गांव सलार के पास अवैध हथियार की बरामदगी के लिए चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करते समय गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार हरप्रीत सिंह को पैर में गोली मारी गई और उसे इलाज के लिए मलेरकोटला के सिविल अस्पताल ले जाया गया।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने त्वरित कार्रवाई के लिए अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों के लिए 10 लाख रुपये का नकद इनाम और पदोन्नति की घोषणा की।

एसएसपी गगन अजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामले की पड़ताल करने के लिए विशेष दल गठित किये गए हैं। पुलिस दलों ने मौके से दो कारतूसों के साथ .32 बोर की पिस्तौल बरामद की है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now