देश की खबरें | लुधियाना में दलित युवक को पीटने और अर्धनग्न अवस्था में घुमाने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के लुधियाना के एक गांव में एक युवक के महिला के साथ भागने के बाद उसके दलित दोस्त की पिटाई की गई और जबरन दाढ़ी मुंडवाकर अर्धनग्न अवस्था में घुमाया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
लुधियाना, छह जुलाई पंजाब के लुधियाना के एक गांव में एक युवक के महिला के साथ भागने के बाद उसके दलित दोस्त की पिटाई की गई और जबरन दाढ़ी मुंडवाकर अर्धनग्न अवस्था में घुमाया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
लुधियाना के बाहरी इलाके सीदा गांव में मंगलवार को हुई इस घटना का एक वीडियो सामने आया, जिससे व्यापक आक्रोश फैल गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इसमें शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, महिला के परिवार ने हरजोत सिंह को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि उन्हें उस पर भागने में दोनों की मदद करने का संदेह था।
बताया जा रहा है कि हरजोत के दोस्त और महिला ने 19 जून को शादी कर ली थी, जिसके बाद से गांव में तनाव बना हुआ है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को हरजोत एक सैलून में था, तभी कुछ लोग अंदर घुस आए, उसे घसीटकर बाहर निकाला और मारपीट की।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने जबरन उसकी दाढ़ी और मूंछें मुंडवा दीं, चेहरा काला कर दिया, कपड़े फाड़ दिए और जातिवादी गालियां देते हुए अर्धनग्न अवस्था में सड़कों पर घुमाया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने इस हरकत का वीडियो भी बनाया और इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया।
उन्होंने बताया कि हमलावरों की पहचान गुरप्रीत उर्फ गोपा, सिमरनजीत सिंह उर्फ सिम्मा, संदीप उर्फ सैम, राजवीर और रमनदीप उर्फ काका के रूप में हुई है। शनिवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 127(2) और 351 के साथ-साथ आईटी अधिनियम और एससी/एसटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मेहरबान थाने के निरीक्षक परमदीप सिंह ने पुष्टि की है कि सिमरनजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि बाकी सभी आरोपी जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "यह सिर्फ शारीरिक हमले का मामला नहीं है। यह मानवीय गरिमा पर एक क्रूर हमला है। हम मामले की गहन जांच कर रहे हैं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2025 10:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

