देश की खबरें | पहलगाम आतंकवादी हमले पर विवादित पोस्ट करने के आरोप में झारखंड में एक व्यक्ति गिरफ्तार

बोकारो/जमशेदपुर (झारखंड), 23 अप्रैल झारखंड के बोकारो जिले में पहलगाम आतंकवादी हमले के संबंध में एक विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट अपलोड करने के आरोप में बुधवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मोहम्मद नौशाद नामक इस व्यक्ति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आतंकवादी हमले के लिए पाकिस्तान और लश्कर-ए-तैयबा की कथित तौर पर प्रशंसा की है।

बालीडीह के थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि व्यक्ति को बालीडीह थाना क्षेत्र में मिल्लत नगर से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया जिसमें 26 लोग मारे गए। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे।

इस बीच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता संजीव सरदार ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और इसे कायरतापूर्ण कृत्य बताया।

उन्होंने यहां एक बयान में कहा कि देश इसका जवाब देगा।

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका विधानसभा क्षेत्र से झामुमो विधायक सरदार ने कहा कि केंद्र सरकार को अपराधियों के खिलाफ कड़ी और निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह देश की एकता और अखंडता के साथ-साथ शांति पर भी हमला है।

उन्होंने दुख व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘‘भारत न कभी झुका है और न ही कभी झुकेगा। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई निर्णायक है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)