एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पुणे में महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में एक व्यक्ति को पुणे रेलवे स्टेशन पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और आरोपी के मानसिक रूप से अस्थिर होने का संदेह है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | पुणे में महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश में एक व्यक्ति गिरफ्तार

पुणे, सात जुलाई महाराष्ट्र में एक व्यक्ति को पुणे रेलवे स्टेशन पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और आरोपी के मानसिक रूप से अस्थिर होने का संदेह है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि रविवार देर रात घटना के बाद इलाके के कुछ लोगों ने व्यक्ति को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।

कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया और उस व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस उपायुक्त (जोन 2) मिलिंद मोहिते ने बताया कि आरोपी की पहचान सूरज शुक्ला के रूप में हुई है और वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

मोहिते ने बताया, "मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहे इस व्यक्ति के हाथ में एक धारदार हथियार था और वह इसका इस्तेमाल कर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, उसे आसपास के लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।"

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि प्रतिमा क्षतिग्रस्त नहीं हुई है, लेकिन जिस चबूतरे पर प्रतिमा स्थापित है, उसकी एक छोटी टाइल क्षतिग्रस्त हो गई, क्योंकि व्यक्ति उस पर चढ़ गया था।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी पुणे के विश्रांतवाड़ी इलाके में रहता है और रुद्राक्ष बेचता है तथा उसने सतारा जिले के वाई से धारदार हथियार खरीदा था।

अधिकारी ने कहा, "उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और हमने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।"

कांग्रेस की शहर इकाई के अध्यक्ष अरविंद शिंदे ने आरोप लगाया कि व्यक्ति उस चबूतरे पर चढ़ गया जिस पर प्रतिमा रखी हुई थी और उसने उसे क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया।

शिंदे ने कहा, "बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया और उस व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 02:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).