देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग-313 का एक हिस्सा धंसा, यातायात बाधित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और राष्ट्रीय राजमार्ग-313 का एक हिस्सा धंस गया जिससे यातायात बाधित हो गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
ईटानगर, 25 अप्रैल अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और राष्ट्रीय राजमार्ग-313 का एक हिस्सा धंस गया जिससे यातायात बाधित हो गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
निचली दिबांग घाटी में रोइंग को एनीनी से जोड़ने वाले अहम राजमार्ग के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने से दिबांग घाटी जिले से जमीनी संपर्क टूट गया है।
अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात भूस्खलन के कारण हुनली और एनीनी के बीच सड़क क्षतिग्रस्त हो गई जिससे सीमावर्ती जिले का मुख्य भूमि से संपर्क कट गया है।
एनीनी के अतिरिक्त उपायुक्त धूर्बाज्योति बोरा ने कहा,‘‘ जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर सड़क की मरम्मत के लिए श्रमिकों और पर्याप्त मशीनरी को तैनात किया है। यातायात बहाल होने में कुछ दिन लगेंगे।’’
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास किये जा रहे हैं कि बृहस्पतिवार की शाम तक सड़क से छोटे वाहन गुजर सकें।
रोइंग-एनीनी राजमार्ग दिबांग घाटी जिले के लिए जीवन रेखा है। अधिकारी ने बताया कि यह सड़क चीन के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर देश की सुरक्षा के लिए रणनीतिक महत्व वाली है।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने हालात पर चिंता जताई है।
खांडू ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘ हुनली और एनीनी के बीच राजमार्ग को हुई व्यापक क्षति के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा के बारे में जानकर परेशान हूं। जल्द से जल्द संपर्क बहाल करने के निर्देश जारी किए गए हैं क्योंकि यह सड़क दिबांग घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ती है।’’
जिला प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और मरम्मत कार्य पूरा होने तक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2024 03:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

