एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कानपुर में चार दिन से लापता नाबालिग लड़की की बलात्कार कर हत्या की गई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले के महाराजपुर इलाके से चार दिन पहले लापता हुई 13 वर्षीय छात्रा की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई।

देश की खबरें | कानपुर में चार दिन से लापता नाबालिग लड़की की बलात्कार कर हत्या की गई

कानपुर (उप्र), 30 जनवरी जिले के महाराजपुर इलाके से चार दिन पहले लापता हुई 13 वर्षीय छात्रा की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई।

लापता लड़की का शव उसके पैतृक गांव के बाहर एक ईंट भट्ठे के पास एक खेत से बृहस्पतिवार को बरामद किया गया, जो यहां महाराजपुर से बमुश्किल एक किलोमीटर की दूर है।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पैतृक गांव और पड़ोसी गांव के करीब आधा दर्जन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आयुक्त अखिल कुमार अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) हरीश चंदर और पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) श्रवण कुमार सिंह के साथ निरीक्षण करने और जांच की निगरानी करने मौके पर पहुंचे।

कथित बलात्कार और हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के वास्ते खोजी कुत्ता दल और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया।

पुलिस उपायुक्त श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि आठवीं कक्षा की छात्रा सोमवार को अपनी बकरियों को खोजने गई थी और उसके बाद वह लापता हो गई थी।

परिवार के सदस्यों ने पहले तो लड़की को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मिली तो उन्होंने महाराजपुर पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

बृहस्पतिवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने ईंट भट्टे के पास खेत में लड़की का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस और परिवार के सदस्यों को दी।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि लड़की के सिर, चेहरे और छाती पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं, जिससे लगता है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है और फिर उसकी हत्या कर दी गई।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि चोट के निशान और फटे कपड़ों से यह भी पता चलता है कि उसे बंधक बनाकर रखा गया होगा और यौन संबंध बनाने का विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई होगी।

चकेरी के सहायक पुलिस आयुक्त दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है जो शुक्रवार को किया जाएगा।

उन्होंने कहा, "पुलिस मामले की जांच कर रही है और जिन लोगों पर पीड़ित परिवार ने संदेह जताया है, उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2025 10:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).