देश की खबरें | गुजरात, हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम ने अयोध्या राम मंदिर पर हमले की साजिश को नाकाम किया: मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी ने मंगलवार को कहा कि गुजरात के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और हरियाणा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर पर हमले की साजिश को नाकाम कर दिया।

गांधीनगर, चार मार्च गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी ने मंगलवार को कहा कि गुजरात के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और हरियाणा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर पर हमले की साजिश को नाकाम कर दिया।

गृह राज्य मंत्री तीन मार्च को हरियाणा के फरीदाबाद में छापेमारी में 19 वर्षीय अब्दुल रहमान की गिरफ्तारी को लेकर बात कर रहे थे।

गुजरात एटीएस ने पहले पुष्टि की कि उत्तर प्रदेश के फैजाबाद के निवासी रहमान को गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पकड़ा।

संघवी ने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ ने हाल ही में एक बड़े अभियान को अंजाम दिया। उनकी संयुक्त टीम ने करोड़ों हिंदुओं के पूजनीय स्थल राम मंदिर पर हमले की साजिश को नाकाम कर दिया।’’

उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही इस बारे में विस्तृत जानकारी साझा करेगी।

सूत्रों ने बताया कि गुजरात के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और हरियाणा के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम ने रविवार को फरीदाबाद के पाली से रहमान को गिरफ्तार किया था। उसके आतंकवादी होने का संदेह है और वह अयोध्या जा रहा था।

सूत्रों के मुताबिक रहमान उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में स्थित मिल्कीपुर कस्बे का रहने वाला है।

सूत्रों के अनुसार, रहमान ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि उसने पाली गांव के पास एक खाली मकान में दो हथगोले छिपाए थे।

हालांकि, रहमान के माता-पिता ने इस बात से इनकार किया है कि वह किसी आतंकी गतिविधि में शामिल हो सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\