देश की खबरें | औरंगजेब की प्रशंसा करने के कुछ दिनों बाद अबू आजमी ने संभाजी महाराज को श्रद्धांजलि दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुगल बादशाह औरंगजेब की प्रशंसा में टिप्पणी करने के कारण महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित किए गए समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक अबू आसिम आजमी ने मंगलवार को छत्रपति संभाजी महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें एक वीर योद्धा बताया।
पुणे (महाराष्ट्र), 11 मार्च मुगल बादशाह औरंगजेब की प्रशंसा में टिप्पणी करने के कारण महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित किए गए समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक अबू आसिम आजमी ने मंगलवार को छत्रपति संभाजी महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें एक वीर योद्धा बताया।
मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी महाराज ने पुर्तगालियों और मुगलों के खिलाफ सैन्य अभियान चलाया था और संगमेश्वर में उन्हें पकड़कर मार दिया गया था।
आजमी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘स्वराज्य के दूसरे छत्रपति वीर योद्धा धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज के शहादत दिवस पर मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’’
पिछले सप्ताह सपा के विधायक को औरंगजेब की प्रशंसा में की गई टिप्पणी के कारण 26 मार्च को महाराष्ट्र विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र के समाप्त होने तक सदन से निलंबित कर दिया गया था।
सत्ता पक्ष के सदस्यों ने विधानसभा में कहा था कि औरंगजेब की प्रशंसा छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके योद्धा पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज का अपमान है, क्योंकि दोनों महाराष्ट्र में पूजनीय व्यक्ति हैं।
आजमी ने उन्हें विधानसभा से निलंबित करने की कार्रवाई को उनके साथ अन्याय बताया और कहा कि टिप्पणी वापस लेने के बावजूद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
सपा नेता ने कहा था कि औरंगजेब के शासनकाल में भारत की सीमा अफगानिस्तान और बर्मा (म्यांमा) तक थी। विधायक ने दावा किया, ‘‘हमारा जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) (विश्व जीडीपी का) 24 प्रतिशत था और भारत को (औरंगजेब के शासनकाल के दौरान) सोने की चिड़िया कहा जाता था।’’
औरंगजेब और मराठा राजा छत्रपति संभाजी महाराज के बीच लड़ाई के बारे में पूछे जाने पर आजमी ने इसे राजनीतिक लड़ाई करार दिया था। उनकी टिप्पणियों के कारण चार मार्च को राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों में हंगामा हुआ था और सत्ता पक्ष के सदस्यों ने उनके निलंबन और राजद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)