एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कर्नाटक के मंगलुरु में मादक पदार्थ की तस्करी के सिलसिले में एक डॉक्टर गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मंगलुरु सिटी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है, जो स्थानीय नशीले पदार्थ आपूर्ति नेटवर्क की मौजूदा जांच में नौवीं गिरफ्तारी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | कर्नाटक के मंगलुरु में मादक पदार्थ की तस्करी के सिलसिले में एक डॉक्टर गिरफ्तार

मंगलुरु (कर्नाटक), 12 जुलाई मंगलुरु सिटी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है, जो स्थानीय नशीले पदार्थ आपूर्ति नेटवर्क की मौजूदा जांच में नौवीं गिरफ्तारी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रज्वल पीन्यास के रूप में की गयी है, जो बीदर जिले के मंगलापेट का मूल निवासी है और फिलहाल बेंगलुरु के केंगेरी के कोडिपल्या में रह रहा है।

रेड्डी ने बताया कि प्रज्वल पहले मंगलुरु के एक निजी कॉलेज में मेडिकल का छात्र था और शहर के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ मादक पदार्थ से संबंधित तीन मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, नवीनतम मामला दो जुलाई को ‘सिटी सेंट्रल क्राइम’ थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।

पुलिस आयुक्त का कहना है कि नशा करने वाले स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को मंगलुरु में कथित तौर पर मादक पदार्थ आपूर्ति करने वाले नौ लोगों के एक नेटवर्क का पता चला था तथा उन सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस का आरोप है कि प्रज्वल महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ मंगवाने एवं शहर में उन्हें वितरित करने में अहम भूमिका निभाता था। उसे इस हफ्ते की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया और बृहस्पतिवार को एक अदालत में पेश किया गया, अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि मादक पदार्थ के लेन-देन में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 08:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).