देश की खबरें | दिल्ली चुनाव से एक दिन पहले केजरीवाल पर हरियाणा में मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ उनके ‘यमुना में जहर’ वाले बयान के सिलसिले में मंगलवार को मामला दर्ज किया गया है।
चंडीगढ़, चार फरवरी हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ उनके ‘यमुना में जहर’ वाले बयान के सिलसिले में मंगलवार को मामला दर्ज किया गया है।
यह घटनाक्रम दिल्ली में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले हुआ है।
प्राथमिकी के अनुसार, कुरुक्षेत्र निवासी और वकील जगमोहन मनचंदा द्वारा मंगलवार को दर्ज कराई गई शिकायत पर शाहाबाद पुलिस थाने में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के अन्य अज्ञात सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
केजरीवाल अपने “यमुना में जहर” वाले बयान के लिए भाजपा के निशाने पर हैं और भाजपा नेताओं ने उनके "गैरजिम्मेदाराना" बयान की आलोचना की है।
भाजपा नेताओं ने केजरीवाल पर उनके झूठे दावों से न केवल दिल्ली के लोगों में बल्कि हरियाणा के नागरिकों में भी भय फैलाने का आरोप लगाया था।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने केजरीवाल पर हरियाणा सरकार और भाजपा सहित हरियाणा राज्य के खिलाफ भड़काऊ बयान देने और अनर्गल आरोप लगाने का आरोप लगाया है।
मनचंदा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि केजरीवाल ने आप के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस तरह के भड़काऊ, झूठे और भ्रामक बयान दिए हैं, जिसका उद्देश्य "दिल्ली और हरियाणा में उत्पात और दंगे कराने की एक छिपी हुई मंशा और हताशा है, जिससे कुछ वोट उनकी ओर झुक जाएं।"
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने जानबूझकर यह झूठा बयान दिया है।
यह मामला शिकायतकर्ता द्वारा शाहाबाद के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट की अदालत में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद दर्ज किया गया।
आप ने इससे पहले हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा पर जानबूझकर औद्योगिक कचरे को यमुना में डालने का आरोप लगाया था, जबकि केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि वह नदी में "जहर मिलाकर" लोगों को मारने की कोशिश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 04, 2025 11:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

