थानेदार सहित चार पुलिसकर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज
जमात

भिण्ड (मध्यप्रदेश), 17 मई मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में 26 वर्षीय एक युवक की पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले में एक थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज किया गया है।

चंबल के पुलिस महानिरीक्षक डी पी गुप्ता एवं पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश हिंगड़कर ने रविवार को बताया कि शुक्रवार को पुलिस हिरासत में इंदल सिंह की हुई मौत के मामले में उसके परिजनों की शिकायत पर मालनपुर के थाना प्रभारी अशोक गौतम और तीन आरक्षकों-ध्यानेन्द्र कुशवाह, उमेश शर्मा एवं योगेन्द्र सिंह गुर्जर के खिलाफ भादंवि की धारा 302 (हत्या) के तहत शनिवार रात को अपराध पंजीवद्ध कर लिया गया है।''

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, उसकी मौत के मामले में न्यायिक जाँच के भी आदेश दिए गये हैं।

गुप्ता ने बताया कि इंदल सिंह के परिजनों ने शिकायत की है कि मालनपुर थानांतर्गत ग्राम जिम्मेदार के पुरा में पुलिस एक वारंटी को पकड़ने गयी थी। वारंटी के शक में पुलिस ने इंदल सिंह (26) को पकड़ लिया और वहीं पर उसे बेरहमी से पीटा।

उन्होंने कहा कि शिकायत के अनुसार इसके बाद जैसे ही पुलिस उसे अपने साथ वाहन में ला रही थी, तभी रास्ते में इंदल सिंह वाहन से कूद गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई एवं ग्वालियर जिला चिकित्सालय में ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गुप्ता ने बताया कि इस मामले में मालनपुर पुलिस थाना प्रभारी सहित इन चारों पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित कर दिया गया है।

यह घटना भिण्ड जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)