जरुरी जानकारी | अदाणी एंटरप्राइजेज के 1,000 करोड़ रुपये के बॉन्ड निर्गम को तीन घंटे में पूर्ण अभिदान मिला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड का 1,000 करोड़ रुपये का बॉन्ड निर्गम बुधवार को खुलने के तीन घंटे के भीतर ही पूरी तरह से खरीद लिया गया।
नयी दिल्ली, नौ जुलाई अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड का 1,000 करोड़ रुपये का बॉन्ड निर्गम बुधवार को खुलने के तीन घंटे के भीतर ही पूरी तरह से खरीद लिया गया।
शेयर बाजार पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह खुले इस बॉन्ड निर्गम को तीन घंटे के भीतर ही पूर्ण अभिदान मिल गया।
आंकड़ों के मुताबिक, इस निर्गम को अपराह्न साढ़े तीन बजे तक 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां प्राप्त हुईं।
सूत्रों ने बताया कि गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) यानी बॉन्ड को निर्गम के इतने कम समय में पूर्ण अभिदान मिल जाने के कारण जल्दी बंद किया जा सकता है।
एनसीडी को कंपनियां निवेशकों से धन जुटाने के लिए जारी करती हैं। ये ऐसे ऋण बॉन्ड होते हैं जिनमें निश्चित ब्याज भुगतान का वादा किया जाता है।
अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने इस बॉन्ड पर सालाना 9.3 प्रतिशत तक ब्याज देने का वादा किया था।
यह पेशकश 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर थी और इसमें पूरी तरह से गैर-संस्थागत वर्ग की भागीदारी देखी गई।
यह अदाणी एंटरप्राइजेज का सुरक्षित, सूचीबद्ध, प्रतिदेय, गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर का दूसरा सार्वजनिक निर्गम था।
एक प्रमुख प्रबंधक ने कहा, ‘‘ गैर-संस्थागत वर्ग से मिली मजबूत और उत्साहजनक भागीदारी इसे दूसरे निर्गमों से अलग करती है। अदाणी एक ब्रांड के रूप में खुदरा निवेशकों के साथ मजबूती से जुड़ रहा है।’’
यह निर्गम पिछले साल सितंबर में आए अदाणी एंटरप्राइजेज के 800 करोड़ रुपये के पहले सार्वजनिक बॉन्ड निर्गम के बाद आया है, जिसे पहले दिन 90 प्रतिशत अभिदान मिला था।
वर्तमान एनसीडी का आधार निर्गम आकार 500 करोड़ रुपये है और अधिक अभिदान मिलने की स्थिति में इसे 500 करोड़ रुपये और बढ़ाने का विकल्प भी है। इस तरह निर्गम का कुल मिलाकर 1,000 करोड़ रुपये तक होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 05:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

