जरुरी जानकारी | अब तक 2000 रुपये के 98.15 प्रतिशत नोट वापस लौटेः आरबीआई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.
मुंबई, तीन फरवरी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि चलन से हटाए जा चुके 2000 रुपये के 98.15 प्रतिशत नोट बैंकिंग प्रणाली में वापस आ चुके हैं और अब केवल 6,577 करोड़ रुपये के ऐसे नोट ही लोगों के पास मौजूद हैं।
आरबीआई ने 19 मई, 2023 को 2000 रुपये के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी।
आरबीआई ने बयान में कहा कि नोट वापस लेने की घोषणा के दिन कारोबार बंद होने के समय कुल 3.56 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 2000 रुपये के नोट मौजूद थे।
यह आंकड़ा 31 जनवरी, 2025 को कारोबार बंद होने के समय घटकर 6,577 करोड़ रुपये रह गया है।
आरबीआई ने कहा, ‘‘इस तरह 19 मई, 2023 तक चलन में रहे 2000 रुपये के नोटों में से कुल 98.15 प्रतिशत वापस आ चुके हैं।’’
रिजर्व बैंक ने 2000 रुपये के नोटों को जमा करने या बदलने की सुविधा सात अक्टूबर, 2023 तक सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध कराई थी। यह सुविधा अब भी रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है।
आरबीआई के निर्गम कार्यालय नौ अक्टूबर, 2023 से व्यक्तियों और संस्थाओं से उनके बैंक खातों में जमा करने के लिए 2000 रुपये के नोट स्वीकार कर रहे हैं।
इसके अलावा लोग देश के किसी भी डाकघर के जरिये 2000 रुपये के नोट अपने बैंक खातों में जमा करने के लिए आरबीआई के किसी भी जारीकर्ता कार्यालय में भेज सकते हैं।
चलन से वापस लिए जाने के बावजूद 2000 रुपये के नोट वैध मुद्रा बने हुए हैं। इन नोटों को नवंबर, 2016 में तत्कालीन प्रचलित 1000 रुपये और 500 रुपये के नोटों को चलन से हटाए जाने के बाद लाया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 03, 2025 11:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

