जरुरी जानकारी | दो हजार के 97.96 प्रतिशत नोट वापस आये, 7,261 करोड़ रुपये मूल्य के नोट अब भी लोगों के पास
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि 2000 रुपये मूल्य के 97.96 प्रतिशत नोट बैंकों के पास वापस आ गये हैं। अब भी 7,261 करोड़ रुपये के नोट लोगों के पास हैं।
मुंबई, दो सितंबर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि 2000 रुपये मूल्य के 97.96 प्रतिशत नोट बैंकों के पास वापस आ गये हैं। अब भी 7,261 करोड़ रुपये के नोट लोगों के पास हैं।
आरबीआई ने 19 मई, 2023 को 2000 रुपये मूल्य के बैंक नोट को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी।
केंद्रीय बैंक ने कहा कि उस समय चलन में 2000 रुपये के बैंक नोट का कुल मूल्य कारोबार की समाप्ति पर 3.56 लाख करोड़ रुपये था। इस साल 30 अगस्त को कारोबार समाप्ति पर यह घटकर 7,261 करोड़ पर आ गया।
आरबीआई ने बयान में कहा, ‘‘इस प्रकार, 19 मई, 2023 तक चलन में 2000 रुपये के 97.96 प्रतिशत बैंक नोट बैंकों के पास वापस आ गये हैं।’’
दो हजार रुपये के बैंक नोट को जमा करने या बदलने की सुविधा सात अक्टूबर, 2023 तक देश में सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध थी।
इस मूल्य के बैंक नोट को बदलने की सुविधा 19 मई, 2023 से रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है।
नौ अक्टूबर, 2023 से आरबीआई के निर्गम कार्यालय भी व्यक्तियों और संस्थाओं से उनके बैंक खातों में जमा करने के लिए 2000 रुपये के बैंक नोट स्वीकार कर रहे हैं।
इसके अलावा, लोग अपने बैंक खातों में राशि जमा करने के लिए देश के किसी भी डाकघर से आरबीआई के किसी भी निर्गम कार्यालय में 2000 रुपये के नोट भेज सकते हैं।
बैंक नोटों को जमा/विनिमय करने वाले 19 आरबीआई कार्यालय अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम में हैं।
नवंबर, 2016 में 1000 रुपये और 500 रुपये के बैंक नोट को चलन से हटाने के बाद 2000 रुपये के बैंक नोट लाये गये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 02, 2024 06:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

