जरुरी जानकारी | बैंकों में वापस आए 2,000 रुपये के 97.62 प्रतिशत नोट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.
मुंबई, एक मार्च भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को कहा कि 2,000 रुपये मूल्य के लगभग 97.62 प्रतिशत नोट बैंकों में वापस आ चुके हैं और अब सिर्फ 8,470 करोड़ रुपये के नोट ही लोगों के पास मौजूद हैं।
आरबीआई ने 19 मई, 2023 को 2,000 रुपये मूल्य वर्ग के बैंक नोटों को चलन से हटाने की घोषणा की थी। उसके बाद इन नोटों को बैंकों में जमा कराने या दूसरे मूल्य के नोटों से बदलने को कहा गया था।
आरबीआई ने एक बयान में कहा, “19 मई, 2023 को कारोबार की समाप्ति पर 2,000 रुपये मूल्य के कुल 3.56 लाख करोड़ रुपये के नोट चलन में मौजूद थे। इस मूल्य वर्ग के चलन में मौजूद नोटों का मूल्य 29 फरवरी, 2024 को कारोबार समाप्ति पर घटकर 8,470 करोड़ रुपये रह गया है।“
इस तरह 2,000 रुपये मूल्य वर्ग के चलन में मौजूद कुल 97.62 प्रतिशत नोट वापस आ चुके हैं।
इसके साथ ही आरबीआई ने साफ किया कि 2,000 रुपये के नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे।
आरबीआई ने देश भर के अपने 19 कार्यालयों में 2,000 रुपये के नोट को जमा या बदलने की सुविधा जारी रखी है। इसके अलावा लोग किसी भी डाकघर से आरबीआई के किसी भी कार्यालय में इंडिया पोस्ट के जरिये इन नोटों को भेज सकते हैं।
आरबीआई ने पहले कहा था कि लोग और संस्थाएं 30 सितंबर, 2023 तक इन नोट को बैंकों में जाकर बदल या जमा कर सकती हैं। बाद में समय सीमा सात अक्टूबर, 2023 तक बढ़ा दी गई थी।
हालांकि आठ अक्टूबर, 2023 से लोगों को आरबीआई के 19 कार्यालयों में मुद्रा का आदान-प्रदान करने या उनके बैंक खातों में राशि जमा करने का विकल्प दिया गया है।
यह सुविधा आरबीआई के अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम कार्यालयों में है।
आरबीआई ने नवंबर, 2016 में 500 और 1,000 रुपये मूल्य वर्ग के नोटों को चलन से बाहर किए जाने के बाद 2,000 रुपये मूल्य के नोट जारी किए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 01, 2024 03:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

