मडगांव में उतरे 90 फीसदी यात्री गोवा के निवासी थे : मुख्यमंत्री
जमात

पणजी, 18 मई गोवा में विपक्षी दलों ने दावा किया कि दिल्ली और केरल की राजधानी तिरूवनंतपुरम के बीच चलने वाली विशेष रेलगाड़ी के मडगांव में रूकने के कारण कोविड-19 के मामले सामने आ रहे हैं। वहीं , गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दावा किया कि स्टेशन पर ‘‘90 फीसदी गोवा के लोग’’ उतरे।

उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड-19 के 35 मामले हैं, जिनमें से केवल चार ही गोवा के निवासी नहीं हैं। हालांकि, कुछ समय पहले राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा था कि मामलों की संख्या 37 है।

सावंत ने कहा कि 35 रोगियों में 33 महाराष्ट्र से आए और दो कर्नाटक से आए।

सावंत ने कहा कि विशेष रेलगाड़ी से मडगांव स्टेशन पर उतरने वालों से कहा गया कि वे सबूत दिखाएं कि राज्य के निवासी हैं।

शनिवार को पहुंची रेलगाड़ी के आठ यात्रियों में संक्रमण पाया गया जबकि रविवार को पहुंची रेलगाड़ी में 12 मामले पाए गए।

सावंत ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण जारी लॉकडाउन को देखते हुए दस हजार से अधिक श्रमिक गोवा से अपने गृह राज्यों के लिए रवाना हुए जबकि बिहार और पश्चिम बंगाल की सरकारों ने अभी प्रवेश की अनुमति नहीं दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फंसे श्रमिकों को गोवा से भेजने के लिए मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के लिए रेलगाड़ी चलाने की योजना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)