जम्मू, 27 मार्च जम्मू में रविवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने मार्च के लिए 76 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक सोनम लॉटस ने कहा कि इससे पहले सबसे अधिक 37.2 डिग्री से. तापमान 31 मार्च, 1945 को दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से कम दबाव की अनुपस्थिति या स्थानीय मौसम स्थिति के कारण जम्मू कश्मीर में मौसम मुख्यत: साफ रहा है।
लॉटस ने कहा, ‘‘अगले कुछ दिनों में मौसम शुष्क और गर्म रहने की संभावना है।’’
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश की शीतकालीन राजधानी जम्मू में अधिकतम तापमान मौसम के इस वक्त के दौरान सामान्य से 8.4 डिग्री से. अधिक है।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि हालांकि, रात का तापमान सामान्य के करीब यानी 16.9 डिग्री से. दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में आम दिनों के मुकाबले अधिक गर्मी देखी जा रही है और तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री से. अधिक यानी 25 डिग्री से. दर्ज किया गया। श्रीनगर में रात का तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक 7.2 डिग्री से. दर्ज किया गया।
माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए आधार शिविर कटरा में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री से. और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री से. दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY