देश की खबरें | स्वच्छ भारत के तहत 75 लाख किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया जाएगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत नेहरू युवा केंद्र संगठन एक अक्टूबर से स्वच्छता कार्यक्रम शुरू कर रहा है जिसके तहत अगले एक महीने में देशभर से 75 लाख किलोग्राम एकल उपयोग प्लास्टिक कचरा एकत्र करने का लक्ष्य है।
प्रयागराज, 30 सितंबर आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत नेहरू युवा केंद्र संगठन एक अक्टूबर से स्वच्छता कार्यक्रम शुरू कर रहा है जिसके तहत अगले एक महीने में देशभर से 75 लाख किलोग्राम एकल उपयोग प्लास्टिक कचरा एकत्र करने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर शुक्रवार को यहां करेंगे।
नेहरू युवा केंद्र संगठन केन्द्र के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत आता है।
कार्यक्रम के संबंध में नेहरू युवा केंद्र संगठन के महानिदेशक विजय कुमार ने बताया कि संगठन ने स्वच्छ भारत के नाम से सिंगल यूज प्लास्टिक का कचरा एकत्र करने की योजना बनायी है।
75 लाख किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र करने के लक्ष्य के संबंध में संगठन के कार्यकारी निदेशक कर्नल अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जनभागीदारी से लक्ष्य से ज्यादा कचरा एकत्र किए जाने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का 31 दिन का कैलेंडर जारी किया गया है और इस मुहिम में अलग-अलग संस्थाओं और समाज के लोगों को शामिल किया जाएगा ताकि इसे जन भागीदारी से जन आंदोलन में बदला जा सके।
सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत 744 जिलों और ढाई लाख गांवों को कवर किया जाएगा। प्रति जिला औसतन 10,080 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया जाएगा। कचरा संग्रह के लिए पर्यटन स्थल, शैक्षणिक संस्थान, बसअड्डे, रेलवे स्टेशन और आसपास के स्थान, राष्ट्रीय राजमार्ग, ऐतिहासिक और धरोहर स्थल, धार्मिक स्थान, अस्पताल और जल संसाधन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
राजेंद्र राजकुमार
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)