गुजरात से लौटे 71 मजदूरों ने अपने नियोक्ताओं पर यात्रा के लिये उनसे धन लेने का आरोप लगाया
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि जिलाधिकारी ने आरोपों की जांच के आदेश दिये थे और उन्होंने इस संबंध में श्रम विभाग के सचिव को रिपोर्ट सौंप दी है।
रायपुर, 17 मई गुजरात के गांधीनगर से इस हफ्ते की शुरुआत में श्रमिक विशेष रेलगाड़ी से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पहुंचे 71 मजदूरों ने दावा किया है कि उनके नियोक्ताओं ने यात्रा के लिए उनसे पैसे लिए थे। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि जिलाधिकारी ने आरोपों की जांच के आदेश दिये थे और उन्होंने इस संबंध में श्रम विभाग के सचिव को रिपोर्ट सौंप दी है।
उन्होंने बताया कि यह मामला पृथक-वास केंद्रों में रह रहे मजदूरों के बयान दर्ज करने के बाद सामने आया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘ यह खुलासा हुआ कि गांधीनगर में ईंट भट्टे के छह मालिकों और उनके लेखाकारों ने 71 मजदूरों से रेल किराया देने के नाम पर 52,950 रुपये की वसूली की। लिटिया गांव के रहने वाले मजदूर जोगेंदर साई ने बताया कि उन्होंने और 10 अन्य कामगारों ने 8,250 रुपये का भुगतान किया।’’
अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने मजदूरों को वापस लाने के लिए 37 श्रमिक विशेष रेलगाड़ियां चलाने की सहमति दी है और 11 मई से शनिवार तक आठ श्रमिक विशेष रेलगाड़ियां छत्तीसगढ़ पहुंच चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मजूदरों को लाने के लिए रेलवे को 1.16 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2020 03:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

