देश की खबरें | कोरोना संक्रमण के 70.91 प्रतिशत नए मामले देश के 10 राज्यों से : स्वास्थ्य मंत्रालय
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में पिछले 24 घंटे के दौरान सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के 3,82,315 नए मामलों में से 71 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों से आए हैं।
नयी दिल्ली, पांच मई देश में पिछले 24 घंटे के दौरान सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के 3,82,315 नए मामलों में से 71 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों से आए हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक इन नए मामलों के सामने आने के बाद देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 2,06,65,148 हो गयी है।
नए मामलों में 70.91 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और राजस्थान से सामने आए हैं।
इस दौरान महाराष्ट्र से सर्वाधिक 51,880 नए मामले सामने आए जबकि कर्नाटक में 44,631 और केरल में कोरोना वायरस संक्रमण के 37,190 नए मामलों की पुष्टि हुई है।
कोविड-19 महामारी की दूसरी भयावह लहर का सामना कर रहे देश में कोरोना के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 34,87,229 हो गयी है जोकि कुल संक्रमित मामलों का 16.87 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के सक्रिय मामलों में 40,096 का इजाफा हुआ है।
देश में कोरोना से ठीक होने की दर 81.25 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर 1.09 प्रतिशत हो गयी है।
देश में एक दिन में कोविड-19 से रिकार्ड 3780 लोगों की मौत हुई है।
देश में एक दिन में कोविड-19 से हुई कुल मौतों का 74.97 प्रतिशत भी इन 10 राज्यों में ही है। महाराष्ट्र में सर्वाधिक 891 लोगों की मौत हुई जबकि उत्तर प्रदेश में 351 मरीजों ने दम तोड़ा।
भारत में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 3,38,439 मरीज ठीक भी हुए हैं जिससे देश में अब तक इस जानलेवा वायरस को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 1,69,51,731 पहुंच गयी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2021 04:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

