देश की खबरें | देश में कोविड के 605 नए मामले मिले तथा चार संक्रमितों की मौत हुई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 605 नए मामले मिले जबकि उपचाराधीन मरीज़ों की संख्या 4,002 हो गई है।
नयी दिल्ली, आठ जनवरी भारत में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 605 नए मामले मिले जबकि उपचाराधीन मरीज़ों की संख्या 4,002 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान कुल चार संक्रमितों की मौत हुई है जिनमें केरल के दो और कर्नाटक तथा त्रिपुरा का एक-एक रोगी शामिल है।
पिछले साल पांच दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक तक पहुंच गई थी, लेकिन ठंड और वायरस के नए उपस्वरूप ‘जेएन.1’ के कारण मामलों में तेजी आई है।
पांच दिसंबर के बाद एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक नए मामलों की संख्या 31 दिसंबर 2023 को 841 दर्ज की गयी।
कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों में से तकरीबन 92 प्रतिशत मरीज घर पर ही रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं।
इस संबंध में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘मौजूदा समय में उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि ‘जेएन.1’ उपस्वरूप की वजह से न तो नए मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है और न ही अस्पताल में भर्ती होने वालों संक्रमितों की तादाद में बढ़ोतरी हो रही है और न ही मृत्यु दर में वृद्धि हो रही है।’’
देश में कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप के कारण अप्रैल-जून 2021 में महामारी की स्थिति बेहद भयावह हो गई थी और उस दौरान सात मई 2021 को देश में एक दिन में संक्रमण के 4,14,188 नए मामले सामने आए थे और 3,915 मरीजों की मौत हुई थी।
वर्ष 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग चार वर्ष में देश भर में कोरोना वायरस से लगभग साढ़े चार करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं तथा इससे 5.3 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, अब तक संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या 4.4 करोड़ से अधिक हो गई है और इस संक्रमण से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है।
मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 08, 2024 03:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

