मुंबई, 10 मई लॉकडाउन के कारण विदेश में फंसे 572 भारतीय रविवार तड़के मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पहुंचे। महाराष्ट्र सरकार के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि इन यात्रियों में से जो लोग मुंबई के हैं, उन्हें हवाईअड्डे के पास स्थित होटलों में अनिवार्य रूप से पृथक-वास में रखा गया जबकि अन्य शहरों के यात्रियों को उनके स्थानों पर ले जाया गया। अब इन यात्रियों को भी उनके आसपास के होटलों में पृथक-वास में रहना होगा।
उन्होंने बताया कि एक उड़ान लंदन से और एक सिंगापुर से यहां पहुंची।
अधिकारी ने कहा, '' करीब 572 यात्री पहुंचे। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, पहले सभी की स्क्रीनिंग की गई और फिर पृथक-वास में रखा गया। सभी को अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण करवाना होगा और राज्य की ओर से मुहैया करवाए गए स्थान पर पृथक-वास में रहना होगा।''
उन्होंने बताया कि मनीला (फिलीपीन) से 241 यात्रियों को लेकर आने वाला एक विमान रविवार रात को यहां पहुंचने की उम्मीद है।
अधिकारी ने कहा कि रविवार को यहां पहुंचे अधिकतर यात्री मुंबई से थे जबकि कुछ महाराष्ट्र के अन्य शहरों जैसे पुणे, धुले और कोल्हापुर से थे।
उन्होंने कहा कि अन्य शहरों के यात्रियों को राज्य की ओर से मुहैया करायी गई परिवहन सुविधा से उनके स्थानों पर भेजा गया। इन सभी को वहां स्थानीय होटल में पृथक-वास में रखा जाएगा और यदि जांच में कोई कोविड-19 से संक्रमित पाया जाता है तो अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY