विदेश की खबरें | कमल हासन, आयुष्मान खुराना और पायल कपाड़िया समेत 534 कलाकारों को अकादमी का न्योता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. अभिनेता-फिल्मकार कमल हासन, बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और ‘ऑल वी इमैजिन ऐज़ लाइट’ की लेखिका-निर्देशक पायल कपाड़िया उन 534 कलाकारों में शामिल हैं, जिन्हें इस वर्ष अमेरिका की ‘अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज’ (ऑस्कर एकेडमी) के लिए आमंत्रित किया गया है।
लॉस एंजिलिस, 27 जून अभिनेता-फिल्मकार कमल हासन, बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और ‘ऑल वी इमैजिन ऐज़ लाइट’ की लेखिका-निर्देशक पायल कपाड़िया उन 534 कलाकारों में शामिल हैं, जिन्हें इस वर्ष अमेरिका की ‘अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज’ (ऑस्कर एकेडमी) के लिए आमंत्रित किया गया है।
इस वर्ष की सूची में हॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की विभिन्न विधाओं से कई प्रभावशाली नाम शामिल हैं, जिनमें कई भारतीय कलाकार भी हैं।
हासन, खुराना और कपाड़िया के अलावा सूची में फिल्म ‘गली बॉय’ के कास्टिंग निदेशक करण माली, ‘ऑल वी इमैजिन ऐज़ लाइट’ के सिनेमैटोग्राफर रणबीर दास और कॉस्ट्यूम डिज़ाइनर मैक्सिमा बसु के नाम भी हैं।
अकादमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बिल क्रेमर और अध्यक्ष जेनेट यांग ने कहा, ‘‘हम इन प्रतिष्ठित कलाकारों, तकनीकी विशेषज्ञों और पेशेवरों को अकादमी में आमंत्रित कर बेहद उत्साहित हैं। इन्होंने फिल्म निर्माण और वैश्विक सिनेमा समुदाय में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’’
वर्ष 2025 के आमंत्रित वर्ग में 41 प्रतिशत महिलाएं, 45 प्रतिशत प्रतिनिधित्वविहीन समुदायों से और 55 प्रतिशत लोग अमेरिका से बाहर के 60 देशों व क्षेत्रों से हैं। इनमें 91 ऑस्कर नामांकित, 26 विजेता और तीन वैज्ञानिक एवं तकनीकी पुरस्कार विजेता शामिल हैं।
अन्य प्रमुख नामों में गिलियन एंडरसन, जोडी कमर, एम्मा कोरिन, कीरन कल्किन, मार्गरेट क्वॉली, एंड्रयू स्कॉट और जेरमी स्ट्रॉन्ग शामिल हैं।
भारतीय मूल के कनाडाई निर्माता राज कपूर, कार्यकारी श्रेणी में रवि आहूजा, संगीतकार सिद्धार्थ खोसला, संगीतकार अमृता वाज़, चैतन्य चिंचलीकर, मोमिता सेनगुप्ता, डॉक्युमेंट्री फिल्मकार स्मृति मूंदड़ा और वीएफएक्स विशेषज्ञ रवि बंसल व अभिषेक नायर के नाम भी सूची में हैं।
निर्देशक श्रेणी में कोराली फार्गेट , माइक फ्लानागन और मिगुएल गोम्स जैसे नाम भी आमंत्रित हैं।
अकादमी की सदस्यता 19 शाखाओं और एक वर्ग के लिए केवल नामांकन के ज़रिए दी जाती है। उम्मीदवार को उसी श्रेणी के दो सदस्यों द्वारा नामित किया जाना आवश्यक होता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2025 01:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

