देश की खबरें | सुशासन सप्ताह के दौरान 53.8 लाख जन शिकायतों का निवारण किया गया: केंद्र

नयी दिल्ली, 27 दिसंबर केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि हाल ही में संपन्न सुशासन सप्ताह के दौरान 53.8 लाख जन शिकायतों को दूर किया गया।

सरकार ने दूसरा ‘सुशासन सप्ताह’ 19 से 25 दिसंबर के बीच मनाया। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि सुशासन सप्ताह के दौरान सार्वजनिक शिकायतों के निवारण और सेवा आपूर्ति में सुधार के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान दिखा।

इस सप्ताह की विषय वस्तु ‘प्रशासन गांवों की ओर-2022’ थी जिसमें 53.8 लाख जन शिकायतों का निवारण किया गया, 3.1 करोड़ सेवा आपूर्ति से जुड़े आवेदनों का निपटारा किया गया और प्रशासन में 949 नवोन्मेष दर्ज किये गये।

देश में 23 दिसंबर को सभी 768 जिलों में नवोन्मेष और विजन इंडिया-2047 पर मंथन के लिए जिला स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

जिला स्तरीय कार्यशालाओं की अध्यक्षता उन वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों ने की जो कभी वहां के जिलाधिकारी रहे थे।

कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन विभाग से जुड़ी संसदीय स्थायी समिति ने अपनी 121वीं रिपोर्ट में ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान को मिली अभूतपूर्व सफलता की सराहना की है और यह सिफारिश की है कि ऐसे अभियानों को और अधिक बार आयोजित किया जाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)