देश की खबरें | कर्नाटक से कांग्रेस के 50 नेता और मंत्री कल दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे: शिवकुमार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश कांग्रेस के लगभग 50 नेता और मंत्री 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए दो अगस्त को नयी दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।

बेंगलुरु,एक अगस्त कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश कांग्रेस के लगभग 50 नेता और मंत्री 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए दो अगस्त को नयी दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के नेता राहुल गांधी, महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला दिल्ली में होने वाली बैठक में शिरकत कर सकते हैं।

कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा कि वह राज्य के मुद्दों और समस्याओं के संबंध में चर्चा के लिए कुछ केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे।

सत्तारूढ़ कांग्रेस में पनप रहे असंतोष के बीच पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ होने वाली इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के 30 से अधिक विधायकों ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और पार्टी नेतृत्व को पत्र लिखकर अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों के कार्यान्वयन न होने और कुछ मंत्रियों के कामकाज पर चिंता व्यक्त की है।

शिवकुमार ने यहां पत्रकारों से कहा, "कल दिल्ली में एक बैठक है, आज मैं वहां कुछ केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करूंगा। पार्टी का काम है और सरकारी काम भी है। इसलिए, मैं दिल्ली जा रहा हूं।"

उन्होंने कहा कि दिल्ली में राज्य के मंत्रियों और नेताओं की बैठक लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए हो रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस के हित में क्या किया जाना चाहिए, इस पर चर्चा करके रणनीति तैयार की जानी है।

उन्होंने कहा, "केवल मंत्रियों और कुछ विधायकों को ही नहीं, लगभग 8-10 वरिष्ठ नेताओं को भी बैठक के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा, सांसदों को भी आमंत्रित किया गया है। कुल मिलाकर लगभग 50 लोग पार्टी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\