देश की खबरें | देश में कोविड-19 के 46,759 नए मामले, 509 और लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 46,759 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या शनिवार को बढ़कर 3,26,49,947 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या में लगातार चौथे दिन बढ़ोतरी हुई।
नयी दिल्ली, 28 अगस्त भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 46,759 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या शनिवार को बढ़कर 3,26,49,947 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या में लगातार चौथे दिन बढ़ोतरी हुई।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह आठ बजे के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 509 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,37,370 हो गई। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3,59,775 हो गई है, जो कुल मामलों का 1.10 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.56 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 14,876 मामलों की बढ़ोतरी हुई है। संक्रमण के दैनिक नए मामलों की संख्या लगातार 62 दिन से 50,000 से नीचे है।
आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 51,68,87,602 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 17,61,110 नमूनों की जांच शुक्रवार को की गई। दैनिक संक्रमण दर 2.66 प्रतिशत है, जो पिछले 33 दिन से तीन प्रतिशत से कम है। वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 2.19 प्रतिशत है, जो पिछले 64 दिन से तीन प्रतिशत से कम है। देश में अभी तक कुल 3,18,52,802 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है।
मंत्रालय ने बताया कि शनिवार सुबह सात बजे तक की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने शुक्रवार को कोविड-19 टीके की रिकॉर्ड 1,03,35,290 खुराक लगाईं और देश में कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 62.29 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। लोगों को ये खुराक 67,19,042 सत्रों में दी गई हैं।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।
आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से जिन 509 लोगों की मौत हुई, उनमें से केरल के 179 और महाराष्ट्र के 170 लोग थे।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 4,37,370 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,36,900 लोग, कर्नाटक के 37,248 लोग, तमिलनाडु के 34,835 लोग, दिल्ली के 25,080 लोग, उत्तर प्रदेश के 22,796 लोग, केरल के 20,313 लोग और पश्चिम बंगाल के 18,410 लोग थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 28, 2021 11:01 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

