उ.प्र. में आ चुकी हैं 449 ट्रेनें, 15 लाख से अधिक प्रवासी कामगार पहुंचे गृह राज्य
अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश कुमार अवस्थी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''अब तक प्रदेश में 449 ट्रेनें आ चुकी हैं। पांच लाख 64 हजार लोग ट्रेनों से पहुंच चुके हैं।''
लखनऊ, 16 मई उत्तर प्रदेश में देश के अन्य राज्यों से प्रवासी श्रमिकों और कामगारों को लेकर शनिवार तक 449 ट्रेनें आ चुकी हैं और ट्रेन, बस एवं अन्य साधनों से 15 लाख से अधिक कामगार राज्य में पहुंच चुके हैं ।
अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश कुमार अवस्थी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''अब तक प्रदेश में 449 ट्रेनें आ चुकी हैं। पांच लाख 64 हजार लोग ट्रेनों से पहुंच चुके हैं।''
उन्होंने बताया कि शनिवार को 73 ट्रेनें प्रदेश में आनी हैं। शाम तक 12 ट्रेनें आ चुकी हैं। रविवार से 286 और ट्रेनों की सहमति दी गयी है। इस प्रकार लगभग साढ़े नौ लाख श्रमिक एवं कामगार या तो प्रदेश में आ चुके हैं या फिर उनके लाने की व्यवस्था हो चुकी है।
अवस्थी ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों को लाये जाने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही ट्रेन में श्रमिकों के किराये का खर्च प्रदेश सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गुजरात से 223 ट्रेन से तीन लाख लोग, महाराष्ट्र से 97 ट्रेनों से 1, 20, 000 लोग, पंजाब से 78 ट्रेनों से 90 हजार लोगों सहित तेलंगाना से छह, केरल से पांच, तमिलनाडु से चार, आन्ध्र प्रदेश से दो, मध्य प्रदेश से दो, राजस्थान से 12, गोवा से दो ट्रेनें प्रवासी कामगारों एवं श्रमिकों को लेकर प्रदेश में आ चुकी हैं।
अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में हुए हादसे पर गंभीर संवेदना व्यक्त करते हुए सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रवासी श्रमिकों को पैदल ना आने दिया जाए और ना ही उन्हें अवैध एवं असुरक्षित वाहनों से यात्रा करने दिया जाए।
उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र के प्रत्येक जनपद में जिलाधिकारी के नियंत्रण में 200 बसें रखने के आदेश पहले ही दिए गये हैं तथा प्रवासी कामगारों एवं श्रमिकों को बस से भेजने के लिए धनराशि भी स्वीकृत है। लोग पैदल यात्रा न करें, इसके दृष्टिगत जिलाधिकारियों को बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रत्येक गांव में एक अल्ट्रारेड थर्मामीटर की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। जांच क्षमता को बढ़ाने के लिए पूल टेस्टिंग को अपनाया जाए। जांच क्षमता को इस सप्ताह तक बढ़ाकर 10, 000 जांच प्रतिदिन किया जाए ।
उन्होंने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने के लिए एक लाख 34 हजार लोगों पर नामजद 47, 189 प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं । कुल 41 हजार से अधिक वाहन सीज किये गये हैं और 18 . 50 करोड रुपये जुर्माना वसूला गया है।
अमृत . अमित
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

