एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महाराष्ट्र में कोविड-19 के 43,183 मामले, एक दिन में सबसे ज्यादा वृद्धि

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 43,183 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 28,56,163 हो गयी। महामारी की शुरुआत के बाद से राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले आए हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | महाराष्ट्र में कोविड-19 के 43,183 मामले, एक दिन में सबसे ज्यादा वृद्धि

मुंबई, एक अप्रैल महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 43,183 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 28,56,163 हो गयी। महामारी की शुरुआत के बाद से राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले आए हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्य में संक्रमण से 249 और मरीजों की मौत हो गयी। इस तरह , पिछले साल अक्टूबर के बाद से एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। संक्रमण से राज्य में अब तक कुल 54,898 लोग दम तोड़ चुके हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य में 32,641 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिलने के साथ अब तक 24,33,368 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में फिलहाल 3,66,533 मरीजों का उपचार चल रहा है।

इससे पहले 28 मार्च को संक्रमण के सबसे ज्यादा 40,414 मामले आए थे।

संक्रमण से 249 मौतों में से पिछले 48 घंटे में 140 लोगों की मौत हुई जबकि 109 लोगों की मौत पिछले सप्ताह हुई।

मुंबई में संक्रमण के 8646 नए मामले आए हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि महामारी की शुरुआत के बाद से एक दिन में संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए हैं। शहर में संक्रमितों की संख्या 4,23,360 हो गयी है।

संक्रमण से मुंबई में 18 और मरीजों की मौत हो गयी। पिछले साल दिसंबर के पहले सप्ताह से एक दिन में मौत का यह सबसे ज्यादा मामला है। शहर में अब तक 11,704 लोगों की मौत हो चुकी है।

इससे पहले 28 मार्च को मुंबई में संक्रमण के 6,923 मामले आए थे। वहीं पिछले साल पांच दिसंबर को महानगर में 18 लोगों की मौत हुई थी।

महाराष्ट्र सरकार ने बताया कि राज्य में अब तक 62,45,860 लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीके की खुराक दी गयी है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक बुधवार को 2,16,211 लोगों को टीके की खुराक दी गयी।

टीका लेने वालों में 10,00,918 स्वास्थ्यकर्मी थे, जिन्हें पहली खुराक दी गयी। वहीं, 4,79,298 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की दूसरी खुराक दी गयी। इसी तरह अग्रिम मोर्चे के 8,78,535 कर्मियों को पहली खुराक और 2,64,659 को दूसरी खुराक दी गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2021 10:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).