इंदौर में 41 और मरीजों ने जीती कोरोना वायरस से जंग, अब तक 939 ठीक हुए
जमात

इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 मई देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इलाज के बाद 41 और मरीज ठीक हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 के इलाज के बाद ठीक होने पर इंडेक्स हॉस्पिटल से 28, श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज से सात और मनोरमा राजे टीबी चिकित्सालय से छह मरीजों को छुट्टी दी गयी।

उन्होंने बताया कि कोविड-19 पर कामयाबी के 41 नये मामलों के साथ ही जिले में इस महामारी से उबरने वाले मरीजों की तादाद 898 से बढ़कर 939 पर पहुंच गयी है।

अधिकारियों ने बताया कि रेड जोन में शामिल जिले में अब तक इस महामारी के 1,935 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 90 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।

ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट है कि जिले में कोविड-19 से उबरने वाले मरीजों की दर सोमवार शाम की स्थिति में 48.5 प्रतिशत दर्ज की गयी।

इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)