देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश में ‘इनर लाइन परमिट’ के बिना रह रहे 39 लोगों को हिरासत में लिया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश में वैध ‘इनर लाइन परमिट’ (आईएलपी) के बिना रहने या काम करने के आरोप में पुलिस ने कुल 39 लोगों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ईटानगर, 15 जुलाई अरुणाचल प्रदेश में वैध ‘इनर लाइन परमिट’ (आईएलपी) के बिना रहने या काम करने के आरोप में पुलिस ने कुल 39 लोगों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
‘इनर लाइन परमिट’ (आईएलपी) एक विशेष दस्तावेज है जो अरुणाचल प्रदेश के मूल निवासी नहीं होने वाले भारतीय नागरिकों के लिए राज्य में प्रवेश करने के लिए आवश्यक है।
नाहरलागुन-ईटानगर राजधानी क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) न्येलम नेगा ने बताया कि इन लोगों को बांदेरदेवा, कार्सिंगसा, नाहरलागुन शहर और पापू हिल्स सहित क्षेत्रों में एक समन्वित आईएलपी प्रवर्तन अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि बांदेरदेवा, नाहरलागुन और पापू हिल्स पुलिस थानों के पुलिसकर्मियों ने श्रमिक शिविरों, कार्यस्थलों और सड़क किनारे स्थित प्रतिष्ठानों पर अभियान चलाया।
एसपी ने बताया कि सभी उल्लंघनकर्ताओं को हिरासत में लिया गया और कानूनी कार्रवाई के लिए कार्यकारी मजिस्ट्रेट के पास भेज दिया गया।
पुलिस निरीक्षक किपा हमाक और अन्य के नेतृत्व वाली टीम ने उन तीन व्यक्तियों के खिलाफ बांदरदेवा थाने में एक गैर-प्राथमिकी मामला दर्ज किया, जिनके पास वैध आईएलपी नहीं था।
नाहरलागुन थाने के प्रभारी निरीक्षक कृष्णेंदु देव के नेतृत्व में एक टीम ने 30 लोगों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ गैर-प्राथमिकी मामले दर्ज किए, जबकि पापू हिल्स थाने में निरीक्षक तरुण माई के नेतृत्व वाली एक टीम ने छह लोगों को हिरासत में लिया।
एसपी नेगा ने कहा कि सभी जांच शांतिपूर्ण और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की गईं।
उन्होंने यह दोहराया कि गैर-निवासियों के लिए आईएलपी अनिवार्य है और नियोक्ताओं को इसका अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 11:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

