देश की खबरें | ओडिशा में पांच साल में 36,420 महिलाएं और 8,403 बच्चे लापता हुए: माझी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को विधानसभा को बताया कि पिछले पांच वर्षों में ओडिशा में कुल 36,420 महिलाएं और 8,403 बच्चे लापता हुए हैं।

भुवनेश्वर, 17 फरवरी ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को विधानसभा को बताया कि पिछले पांच वर्षों में ओडिशा में कुल 36,420 महिलाएं और 8,403 बच्चे लापता हुए हैं।

माझी ने कहा कि बिचौलियों के माध्यम से 421 महिलाओं की तस्करी अन्य राज्यों में की गई, जिसमें 453 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने सदन में एक लिखित उत्तर में बताया कि पुलिस शिकायतों के आधार पर तुरंत मामले दर्ज कर रही है तथा तस्करी की गई महिलाओं का पता लगाने के लिए कार्रवाई कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2020-2024 के दौरान लापता हुई 1,417 महिलाओं और 1,857 बच्चों का पता लगाया गया। इसके अलावा राज्य सरकार ने 784 बाल मजदूरों को भी बचाया है।

ओडिशा में महिलाओं और बच्चों की तस्करी को रोकने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में विस्तार से बताते हुए माझी ने कहा कि 36 एकीकृत मानव तस्करी विरोधी इकाइयां (आईएएचटीयू) बनाई गई हैं।

उन्होंने कहा कि बोलांगीर, नुआपाड़ा, बारगढ़, कालाहांडी, संबलपुर और झारसुगुड़ा में ऐसे मामलों से निपटने के लिए आईएएचटीयू को संपर्क बिंदु बनाया गया है।

एक अन्य लिखित उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि 2024 के दौरान ओडिशा के विभिन्न पुलिस थानों में महिलाओं के अपहरण के 6,437 मामले दर्ज किए गए और इन मामलों के संबंध में 413 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\