देश की खबरें | बीड जिले में पिछले साल जनवरी से अक्टूबर तक हत्या के 36 मामले किये गये दर्ज: फडणवीस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि पिछले वर्ष जनवरी से अक्टूबर तक बीड जिले में हत्या के 36 मामले दर्ज किए गए।

मुंबई, चार मार्च महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि पिछले वर्ष जनवरी से अक्टूबर तक बीड जिले में हत्या के 36 मामले दर्ज किए गए।

गृह विभाग का भी कामकाज संभाल रहे फडणवीस ने निचले सदन में एक प्रश्न के लिखित जवाब में कहा कि पिछले पांच वर्षों में मराठवाड़ा जिले में हत्या के 275 मामले और हत्या के प्रयास के 766 मामले दर्ज किए गए।

पिछले दिनों सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के बाद बीड जिला चर्चा में रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मामलों में शामिल 260 लोगों के पास हथियार लाइसेंस थे तथा मृत व्यक्तियों समेत 199 परमिट धारकों के लाइसेंस मामले दर्ज होने के बाद निलंबित या रद्द कर दिए गए।

फडणवीस ने सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले का ब्योरा सामने रखा। उन्होंने बताया कि इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि एक अन्य आरोपी कृष्णा अंधाले फरार है, जबकि कैज थाने के उपनिरीक्षक राजेश पाटिल को निलंबित कर दिया गया है।

देशमुख को जिले में एक ऊर्जा कंपनी को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली की कोशिश को रोकने का प्रयास करने पर पिछले साल नौ दिसंबर को कथित तौर पर अगवा कर लिया गया था तथा प्रताड़ित करके उनकी हत्या कर दी गई।

राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने 27 फरवरी को देशमुख की हत्या और दो संबंधित मामलों में बीड की एक अदालत में 1,200 से अधिक पृष्ठों का आरोपपत्र दाखिल किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\