देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी, बारिश के कारण चार राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 350 सड़कें बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी से लाहौल एवं स्पीति तथा किन्नौर जिलों में आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि राज्य में चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 350 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।
शिमला, दो मार्च हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी से लाहौल एवं स्पीति तथा किन्नौर जिलों में आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि राज्य में चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 350 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।
राज्य के मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई, जबकि शिमला में मौसम कार्यालय ने शनिवार को 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ-साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ तूफान संबंधी ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है।
चंबा, किन्नौर और लाहौल एवं स्पीति जिलों के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के कारण सड़कें बंद हो गईं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, लाहौल एवं स्पीति में सबसे ज्यादा 290, किन्नौर में 32, मंडी में 10, चंबा में आठ, कुल्लू में सात, शिमला में दो और कांगड़ा में एक सड़क यातायात के लिए बंद है।
शिमला जिले का दूरस्थ डोडरा क्वार उपमंडल राज्य के बाकी हिस्सों से कट गया है और पत्थरों के गिरने के कारण शिमला-किन्नौर मार्ग नेगुलसारी के पास अवरुद्ध हो गया है। भारी बर्फबारी के कारण रोहतांग दर्रा भी बंद हो गया है।
लाहौल एवं स्पीति के गोंडला में 61.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई, जो राज्य में सबसे अधिक है। वहीं, कुकुमसेरी में 58 सेमी, केलांग में 53 सेमी, कल्पा में 51.7 सेमी, खदराला में 16 सेमी और सांगला में 11.2 सेमी बर्फबारी हुई।
हालांकि, मनाली में 84 मिलीमीटर बारिश के साथ ही बंजार में 80.2 मिमी, सियोबाग में 77.4 मिमी, रिकांग पियो में 48 मिमी, भरमौर में 47 मिमी और रामपुर तथा चंबा में 45-45 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने कहा कि राज्य भर में बर्फबारी और बारिश रविवार तक जारी रहेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)